बिजनौर: छत से गिरकर युवक की मौत के मामले में दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित
कोतवाली देहात क्षेत्र की घटना, पुलिस दबिश के दौरान युवक पर ईंट मारने का आरोप
बिजनौर/नजीबाबाद, अमृत विचार। कोतवाली देहात क्षेत्र में पुलिस की दबिश के दौरान छत से गिरकर युवक की मौत के मामले में पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ हत्या में रिपोर्ट दर्ज की। साथ ही इस मामले में एसपी ने दरोगा व तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
गुरुवार शाम धामपुर थाने के दरोगा और तीन पुलिसकर्मी कोतवाली देहात क्षेत्र में शहजाद उर्फ गोगा के होने की सूचना पर पहुंचे थे। पुलिस को देखकर शहजाद छत पर दौड़ने लगा। तभी छत से गिरकर उसकी मौत हो गई थी। शहजाद के भांजे नासिर ने प्रधान के पति शमीम अहमद, सलमान, अफसर और जलील अहमद के खिलाफ तहरीर दी थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि सलमान ने ही शहजाद को ईंट मारी थी। इससे शहजाद छत से नीचे गिरा और उसकी जान चली गई। उधर, सोशल मीडिया पर वायरल घटना के वीडियो में घायल शहजाद को छोड़कर पुलिसकर्मी भागते दिखाई दे रहे हैं। एक युवक पुलिस पर गोली मारकर भागने का आरोप लगा रहा है।
एसपी ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए लापरवाही के आरोप में धामपुर थाने में तैनात उप निरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल अंकित राणा, विजय तोमर को निलंबित किया गया है। एसपी नीरज कुमार जादौन ने बताया कि एसपी ग्रामीण राम अर्ज को जांच सौंपी गई है। वह इस प्रकरण की 7 दिन में आख्या प्रस्तुत करेंगे। मजिस्ट्रेट जांच के लिए डीएम को भी लिखा गया है। घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
तिबड़ी की प्रधान के पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट
नजीबाबाद। धामपुर तहसील के गांव तिबड़ी की महिला प्रधान शबाना ने 28 अगस्त को गांव के ही शहजाद के खिलाफ जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कराया था। इसमें कुछ दिन पहले शहजाद का 151 में चालान भी हुआ था। उसके परिजनों का आरोप है कि प्रधान ने जीना दुश्वार कर दिया था। पुलिस ने प्रधान के पति सहित चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: पिंजरों में दो गुलदार हुए कैद, वन विभाग के अफसरो ने ली राहत की सांस
