अयोध्या: सरयू एक्सप्रेस में महिला दीवान पर हुए जानलेवा हमले के मामले में 60 घंटे बाद भी पुलिस खाली हाथ
अयोध्या,अमृत विचार। सावन झूला मेला ड्यूटी में तैनात महिला मुख्य आरक्षी के साथ सरयू एक्सप्रेस में हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस 60 घंटे बाद भी अभी खाली हाथ है। जीआरपी की ओर से चार टीमों को लगाए जाने के बाद अभी तक न तो घटना का मोटिव सामने आ पाया है और न ही अपराधियों का कोई सुराग हासिल हो पाया है।
पुलिस को पीड़िता के होश में आने और उसके बयान का इंतजार है, लेकिन घाव गंभीर होने के चलते होश में आने के बावजूद पीड़िता अभी कुछ बता नहीं पा रही है। फिलहाल पुलिस जिले से लेकर पड़ोसी जिले गोंडा मनकापुर और तैनाती स्थल सुल्तानपुर तक सुरागरसी में जुटी है।
मंगलवार की रात सुल्तानपुर के नगर कोतवाली में तैनात पुलिस लाइन निवासी मूल रूप से प्रयागराज की रहने वाली महिला मुख्य आरक्षी सुमित्रा पटेल सरयू एक्सप्रेस से हनुमानगढ़ी मेला ड्यूटी के लिए आ रही थी, लेकिन वह मनकापुर से वापस लौटती ट्रेन के तीसरी बोगी में सीट के नीचे अर्धनग्न, बेहोश और घायल हाल में मिली थी।
हालत गंभीर होने के चलते उसको लखनऊ रेफर किया गया था और भाई की तहरीर पर जीआरपी ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की थी। पुलिसकर्मी के साथ हुई इस वारदात के अनावरण के लिए एसपी रेलवे, सीओ रेलवे के साथ सहयोग में सिविल और आरपीएफ पुलिस भी लगाई गई है।
सीसीटी कैमरों को तलाशने और इधर-उधर पड़ताल के बावजूद अभी कोई खास क्लू पाया है। मामले के विवेचक अयोध्या कैंट थाने के प्रभारी निरीक्षक पप्पू यादव का कहना है कि अभी कोई विशेष बात प्रकाश में नहीं आई है। एसपी रेलवे और सीओ की निगरानी में छानबीन जारी है।
उलझी हुई है वारदात की गुत्थी
महिला दीवान के साथ हुई वारदात की गुत्थी उलझी हुई है। एसपी रेलवे पूजा यादव का कहना है कि महिला दीवान के साथ लैंगिक अपराध की पुष्टि नहीं हुई है, मगर सवाल यह है कि वारदात करने वाले ने फिर पुलिसकर्मी की पैंट क्यों उतारी ? अगर हमला पुरानी रंजिश अथवा अदावत में हुआ तो भी पैंट उतारे जाने की बात समझ में नहीं आती है।
सवाल यह भी है कि अगर लूट के लिए वारदात हुई तो उसका मोबाईल सुरक्षित कैसे रहा ? संभावना यह भी जताई जा रही है कि मनकापुर रेलवे स्टेशन पर ही महिला पुलिसकर्मी किसी चोर-उचक्का गिरोह का शिकार हुई, लेकिन फिर पुराने सवाल उभरकर सामने आ जाते हैं। पुलिस को स्कॉर्ट ड्यूटी में तैनात जवानों की भूमिका और लापरवाही पर भी जवाब तलाशना होगा।
यह भी पढ़ें : कौशल किशोर के घर में हत्या : परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग
