बरेली : हेलो सर ! सर्वे शुरू करा दीजिए...एडीएम साहब नाराज हो रहे हैं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

भूलेख निरीक्षक ने कई तहसीलों के एसडीएम, तहसीलदारों से फोन पर की बात

बरेली, अमृत विचार। हेलो सर...! आपकी तहसील के गांवों में अभी तक एग्री स्टैक एप से फसलों के उत्पादन का ऑनलाइन सर्वे शुरू नहीं हो सका है। यह स्थिति ठीक नहीं है। शासन को सूचनाएं जानी हैं। एडीएम साहब भी नाराज चल रहे हैं। जल्द से जल्द सर्वे का काम शुरू करा दीजिए। कुछ इस तरह से शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित भूलेख कार्यालय से निरीक्षक चंद्रप्रकाश एसडीएम और तहसीलदारों को फोन कर रहे थे।

दरअसल, सरकार ने फसलों के उत्पादन का ऑनलाइन सर्वे करने के लिए व्यवस्था शुरू की है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत जिला भी इसमें शामिल है। इसके लिए हर तहसील से पहले दो-दो गांवों को लिया गया है। 10 अगस्त से जिले में फसलों का ऑनलाइन सर्वे शुरू हो जाना था, लेकिन इसे शुरू करने में कई तरह की दिक्कतें आईं, जिसकी वजह से तारीखें बढ़ती रहीं। पहले 10, फिर 12 और इसके बाद 20 अगस्त की तारीख तय की गई, लेकिन इन तारीखों के गुजर जाने के बाद भी सर्वे शुरू नहीं हो सका। तैयारी के बाद एक सप्ताह पहले जिले में सर्वे शुरू हुआ, लेकिन वह भी सभी तहसीलों में नहीं। सितंबर की शुरुआत हो चुकी है। अभी तक फरीदपुर, आंवला, सदर तहसील में सर्वे शुरू नहीं हो सका है। इसको लेकर एडीएम प्रशासन दिनेश लगातार निगरानी कर जिम्मेदारों को निर्देश भी दे रहे हैं। फिलहाल, जल्द सर्वे कराने की बात कही गई है।

एडीएम पहुंचे फरीदपुर, जानी वजह
अभी तक सर्वे शुरू नहीं होने पर शुक्रवार को एडीएम दिनेश फरीदपुर पहुंचे। उन्होंने सर्वे नहीं होने की वजह जानी। मातहतों से बात की। लेखपाल, कानून-गो, तहसीलदार ने समस्या बताई। एडीएम प्रशासन ने बताया कि लेखपालों के हड़ताल की वजह से कुछ समस्या आ रही है। तालमेल बनाते हुए जल्द ही सभी तहसीलों में सर्वे शुरू करा दिया जाएगा।

ये भी पढ़ें- अलीगढ़, शाहजहांपुर और बरेली के पार्षदों का प्रशिक्षण वर्ग 4 और 5 सितंबर को

संबंधित समाचार