अयोध्या : 122 दिनों में भी नहीं पूरी हो सकी 5 सर्वश्रेष्ठ स्कूलों की तलाश
अयोध्या, अमृत विचार। महानिदेशक स्कूली शिक्षा की ओर से जारी एक आदेश 122 दिन गुजरने के बाद भी अमल में नहीं लाया जा सका है। अयोध्या मंडल के पांच जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारी चार महीने बाद भी अपने-अपने जिलों में एक भी सर्वश्रेष्ठ परिषदीय विद्यालय नहीं तलाश सके हैं। नतीजा सर्वश्रेष्ठ स्कूलों का चयन कर उनको अपग्रेड किए जाने की योजना धरातल पर नहीं उतर पाई है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा विजय किरण आनंद ने मई में स्कूलों का चयन कर सूची राज्य परियोजना निदेशालय भेजने का निर्देश दिया था।
राज्य परियोजना कार्यालय ने मंडल के अयोध्या, सुल्तानपुर, अम्बेडकरनगर, बाराबंकी व अमेठी जिलों के टॉप फाइव यानी प्रत्येक जनपद से टॉप पांच परिषदीय स्कूलों की सूची मांगी थी। इसके लिए विद्यालयों के भवन व परिसर की स्थिति, भौतिक परिवेश आदर्श रूप से बेहतर और न्यूनतम नामांकन 200 से अधिक होना चाहिए। इसके साथ ही विद्यालय परिसर पूर्ण रूप से सुरक्षित चहारदीवारी के साथ संतृप्त होना चाहिए। प्राथमिक विद्यालय की दशा में न्यूनतम छह कक्षा-कक्ष, उच्च प्राथमिक विद्यालय की दशा में तीन कक्षा कक्ष और कम्पोजिट विद्यालय की दशा में आठ कक्षा-कक्ष का मानक तय किया गया था। इसके बाद भी अभी तक एक भी जिले की ओर से सूची नहीं भेजी गई है।
बोले एडी बेसिक
सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया था। दस मई तक का समय दिया गया था। इसे लेकर संबधित को पत्र भेजा जाएगा।
- रमापति राम त्रिपाठी, एडी बेसिक, अयोध्या
ये भी पढ़ें -बहराइच : बच्चा चोरी के शक में युवक को जमकर पीटा, हालत गंभीर
