UP: दोस्ती कर लो तन, मन से मदद करूंगा… ऐसा इंसान पाओगी नहीं, रंगीन मिजाज दरोगा का पीड़िता से बात करते ऑडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में रंगीन मिजाज दरोगा का पीड़िता से बात करते ऑडियो वायरल।

कानपुर में साढ़ थाने में तैनात रंगीन मिजाज दरोगा का पीड़िता से बात करते ऑडियो वायरल हो रहा है। दरोगा को निलंबित कर एसीपी घाटमपुर को जांच सौंपी गई।

कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थाने में तैनात दरोगा का पीड़ित महिला से आपत्तिजनक बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। करीब 10 मिनट के वायरल आडियो में दरोगा महिला से कह रहा है कि अगर वह दोस्ती कर ले तो वह तन, मन, धन से उसकी मदद करेगा… न मानी तो क्या फायदा। वायरल आडियो को संज्ञान में लेकर उच्चाधिकारियों ने दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एडीसीपी साउथ ने मामले की जांच एसीपी घाटमपुर को सौंपी है। 

साढ़ थानाक्षेत्र निवासी महिला ने साढ़ थाने में पति के खिलाफ आए दिन मारपीट करने की शिकायत की थी। मामले की जांच थाने में तैनात दरोगा तेजबहादुर कर रहे थे। रविवार को दरोगा तेजबहादुर व पीड़ित महिला की बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल आडियो में पीड़िता ने दरोगा से बताया कि वह शादी से पहले एक युवक से बात किया करती थी।

शादी के काफी समय बाद उसने फोन किया और फिर वीडियो काल की। युवक ने वीडियो काल स्क्रीन रिकार्ड कर ली और उसे मिलने के लिए कानपुर बुलाने लगा। मिलने से मना करने पर उसने वीडियो काल पति को भेज दिया। पीड़िता ने बताया कि इसके बाद से पति उससे मारपीट करने लगा है। इसके बाद दरोगा महिला से पति के काम पर आने जाने की जानकारी के करने के बाद ही अश्लील बातें करने लगा।

दरोगा व महिला के बातचीत के प्रमुख अंश

दरोगा- मैं तो सम्मान का भूखा हूं मुझे और कुछ नहीं चाहिए
महिला- वो बात आपकी ठीक है, लेकिन रात का समय है इसलिए नहीं आ सकती। घर वाले मुझ पर शक करते हैं। 
दरोगा- कल कितने बजे फोन कंरु
महिला- दोपहर में
दरोगा- तुम्हारे पति कितने बजे जाते है और कब आते है।
महिला-सुबह 11 बजे जाते है और देर रात आते है
दरोगा- बउआ को लेकर चली आओ, दस मिनट बैठ लो। मानती नहीं हो, अपना मानता हूं इसलिए कह रहा
महिला- वो बात ठीक है अंकल जी, लेकिन ठीक नहीं लगता इसलिए बोल रहीं हूं।
महिला- दोपहर में 12 से चार बजे तक बच्चा स्कूल चला जाता है
दरोगा- तो बात ठीक है, अब मैं खुश हूं
महिला- बस थोड़ी हेल्प चाहिए अंकल जी, कल मेरे हसबैंड ने मुझे मारा था न
दरोगा- क्यो मारा, हेल्प कर तो रहा हूं। ठीक है कल 12 बजे बैठेंगे फिर बात करेंगे
दरोगा- मैं तुम्हारा सम्मान करता हूं, तुम मुझे मानती हो
महिला- आज कल किसी के ऊपर विश्वास नहीं कर सकते, हम आपकी बात नहीं कर रहे
दरोगा- तलाक के चक्कर में न रहो, हम उसको ठीक कर देंगें
दरोगा- तेरी पूरी मदद करूंगा, अगर तू मानती है तो। नहीं मानती तो क्या फायदा
दरोगा- तुम अपनी हो और अपने की तन, मन, धन से मदद करूंगा, ऐसा इंसान पाओगी नहीं
महिला- हमने ऐसा कुछ किया नहीं
दरोगा- दोस्ती हो गई, मैं मान लूं कि नहीं
महिला- नहीं आप हमसे बहुत बड़े है, आप के नजर में कुछ गलत हो ऐसा नहीं है।

दो माह पूर्व रतन लाल चौकी प्रभारी हो चुके निलंबित

बीती 29 जून को देर रात महिला को चाय पर बुलाने का आडियो तत्कालीन रतन लाल नगर चौकी प्रभारी शुभम कुमार का सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। पीड़िता ने मामले की शिकायत डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार से भी की थी। मामले की जांच एडीसीपी अंकिता शर्मा को सौंपी गई थी। जांच में दोषी पाए जाने पर दरोगा शुभम कुमार को निलंबित कर दिया गया था। 

वायरल आडियो संज्ञान में आया है। प्राथमिक जांच में पता चला है कि आडियो साढ़ थाने में तैनात दरोगा तेजवीर सिंह का है। दरोगा तेजवीर सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की जांच एसीपी घाटमपुर दिनेश शुक्ला को सौंपी गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दरोगा के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।- अंकिता शर्मा, एडीसीपी साउथ

संबंधित समाचार