प्रतापगढ़: लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से आभूषण कारोबारी से मांगी एक करोड़ की रंगदारी
पट्टी, प्रतापगढ़। कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर एक आभूषण कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। घटना से कारोबारी का परिवार सहम गया। सक्रिय हुई पुलिस ने कुछ ही घंटे में कॉल करने वाले को हिरासत में ले लिया। बिश्नोई गैंग से उसका कोई सम्बन्ध नहीं मिला तो पुलिस ने राहत की सांस ली।
पट्टी नगर के मेन रोड निवासी एक आभूषण कारोबारी के मोबाइल पर शनिवार दोपहर एक काल आई। फोन करने वाले ने अपने को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताया। कहा कि एक करोड़ रुपये दे दो, नहीं तो जान से हांथ धो बैठोगे। यह सुनते ही कारोबारी सहम गया।
वजह थी पट्टी क्षेत्र में कुछ साल पहले रंगदारी मांगने, न देने पर हमला व हत्या की हुई घटनाएं। व्यापारी अनहोनी की आशंका में परेशान हो गया। एसपी के आवास पर जाकर इसकी शिकायत की और घटनाक्रम को बताया। मामले को गम्भीरता से लेते हुए एसपी ने स्वाट टीम और सर्विलांस टीम को लगा दिया। रविवार शाम स्वाट टीम ने पट्टी पहुंचकर मोबाइल नंबर को ट्रेस किया।
इसमें आसपुर देवसरा के भाटी खुर्द गांव के एक युवक को हिरासत में लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। एसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि रंगदारी मांगने वाले ने दहशत के लिए बिश्नोई गैंग का नाम लिया था। हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है,कार्यवाही की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-घोसी उपचुनाव: अखिलेश यादव ने मतदाताओं से अपील- भाजपा को हराओ...
