बरेली: आईएमए बिना चुनाव डॉ. गौरव सचिव... अध्यक्ष पद पर आमने-सामने के आसार
नई कार्यकारिणी के लिए 10 को होगा मतदान, कल नाम वापसी के बाद और तेज होगी सरगर्मी, सियासी दांव-पेच में उलझा डॉक्टर समुदाय
बरेली, अमृत विचार : शहर के सबसे महत्वपूर्ण संगठनों में से एक आईएमए में वर्ष 2024-25 की कार्यकारिणी के चुनाव के लिए जंग का मैदान सज गया है और सरगर्मियां भी जोर पकड़ने लगी हैं। इस बीच डॉ. गौरव गर्ग के बिना चुनाव लड़े सचिव बनने का रास्ता साफ हो गया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: स्कूटी में टक्कर के बाद अपना दल के जिला सचिव का गला दबाया
अध्यक्ष पद के लिए डॉ. अतुल श्रीवास्तव, डॉ. अमित खन्ना और डॉ. आरके सिंह ने नामांकन कराए हैं, चर्चा है कि इनमें से एक प्रत्याशी नाम वापस लेने के मूड में हैं। ऐसे में यह लड़ाई आमने-सामने की हो सकती है। चुनाव 10 सितंबर को होना है।
आईएमए के चुनाव का कार्यक्रम घोषित होने के बाद डॉक्टर समुदाय सियासत के दांव-पेच में उलझ गया है। इस बीच सचिव जैसे महत्वपूर्ण पद पर किस्मत ने ऐसी बाजी पलटी कि रामपुर बाग में अस्पताल चलाने वाले ईएनटी सर्जन डॉ. गौरव गर्ग के दूसरी बार सचिव बनने का रास्ता साफ हो गया। हुआ यह कि सचिव पद पर डॉ. गौरव गर्ग के मुकाबले सिर्फ डॉ. रतनपाल गंगवार ने नामांकन दाखिल किया था लेकिन उनका नामांकन जांच के बाद निरस्त कर दिया गया। इससे डॉ. गौरव गर्ग का निर्विरोध सचिव चुना जाना तय हो गया।
हालांकि 31 अगस्त को नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बाकी पदों पर भी चुनाव की तस्वीर काफी हद तक स्पष्ट हो चुकी है, इसलिए अब धड़ेबाजी का दौर शुरू हो गया है। इस बीच आईएमए कार्यालय में भी कई दिनों से लगातार चुनाव के संबंध में बैठक कर कार्ययोजना तैयार की जा रहीं हैं। नाम वापसी की तारीख पांच सितंबर है, माना जा रहा है कि इसके बाद और साफ हो जाएगा कि कौन-कौन चुनावी जंग में जोर आजमाने जा रहा है। इस बीच इलेक्शन कमेटी सभी नामांकनों की जांच के बाद अलग-अलग कारणों से 11 नामांकन निरस्त कर चुकी है।
उपाध्यक्ष पद के कड़े मुकाबले में नौ दावेदार: उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए नौ डॉक्टरों ने आवेदन किया है। इनमें डॉ. अनीस बेग, डॉ. डीपी गंगवार, डॉ. गौरव गर्ग, डॉ. ज्ञानेंद्र लाल गुप्ता, डॉ. केसी गुप्ता, डॉ. आरके भास्कर, डॉ. राजकुमार मित्तल, डॉ. सचिन अग्रवाल और डॉ. विपिन कुमार वार्ष्णेय शामिल हैं। कुछ डॉक्टरों के नाम वापस लेने की बात कही जा रही है लेकिन फिर भी माना जा रहा है कि मुकाबला कड़ा होगा।
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ट्रेजरार, पीआरओ के लिए होगा मतदान, बाकी निर्विरोध: इलेक्शन कमेटी के अनुसार इस साल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ट्रेजरार और पीआरओ पद के लिए मतदान होगा। स्टेट काउंसिल सदस्य के 14 पदों, सेंट्रल काउंसिल के 10 और एग्जिक्यूटिव कमेटी के सभी 39 पदों के लिए निर्विरोध चुनाव हो गया है। हॉस्पिटल एडवाइजरी सदस्य के लिए किसी डॉक्टर ने नामांकन नहीं किया।
पिछले साल का मत प्रतिशत पार करने की कोशिश: इलेक्शन कमेटी के चेयरमैन डॉ. सत्येंद्र सिंह ने बताया कि कमेटी कोशिश कर रही है कि 10 सितंबर को चुनाव में ज्यादा से ज्यादा डॉक्टर अपने मत का इस्तेमाल करें। पिछले साल से ज्यादा वोट डलवाने के लिए मताधिकार रखने वाले सभी 800 डॉक्टरों को मतदान की तारीख और उम्मीदवारों की जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी। बैठक में डॉ. अजय भारती, डॉ. राजेश अग्रवाल, डॉ. मनोज अग्रवाल, डॉ. विमल भारद्वाज और डॉ. विनोद पागरानी मौजूद रहे ।
ये भी पढ़ें - बरेली: DGP के ऑपरेशन त्रिनेत्र को अमली जामा पहनाने के लिए सीबीगंज पुलिस ने क्षेत्र के व्यापारियों की बुलाई बैठक
