Chitrakoot: हापुड़ समेत अन्य घटनाओं को लेकर अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन, सरकार पर लगाया मौन रवैया अपनाने का आरोप
चित्रकूट में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।
हापुड़ समेत अन्य जगह हो रही घटनाओं को लेकर चित्रकूट में अधिवक्ताओं ने विरोध प्रदर्शन जताया। अधिवक्ताओं ने सरकार पर मौन रवैया अपनाने का आरोप लगाया।
चित्रकूट, अमृत विचार। हापुड़ सहित अन्य जगहों पर अधिवक्ताओं के साथ हो रही घटनाओं से आक्रोशित अधिवक्ता उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के आह्वान पर सोमवार को न्यायिक कार्य से विरत रहे। अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता एकता जिंदाबाद आदि नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन करते हुए जुलूस निकाला।
जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सत्यहरन यादव ने कहा कि अधिवक्ताओं के साथ हापुड़ में हुई घटना दुखद है, निंदनीय है। महासचिव मान सिंह ने कहा कि सरकार को सख्त कदम उठाते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए। एडवोकेट काउंसिल के जिला प्रभारी रामप्रकाश पांडेय ने एक बार फिर जल्द से जल्द एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की आवश्यकता बताई।
आनंद मिश्रा ने कहा कि हापुड़ में निहत्थे अधिवक्ताओं पर जो हमला निंदनीय है। सचिन श्रीवास्तव ने भी घटना की कड़े शब्दों में निंदा की। अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए कचेहरी प्रांगण से ट्रैफिक चौराहे होते हुए तहसील परिसर पहुंचे और उप जिलाधिकारी को राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष सुरेश तिवारी, अमित यादव, अनिल त्रिपाठी, सचिन श्रीवास्तव, नीरू गुप्ता, टीएन सिंह, सुरेंद्र पयासी, अभिषेक मिश्रा, रामकृष्ण सोनी, मनमोहन चतुर्वेदी, धर्मराज सिंह पटेल, पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष लक्ष्मण त्रिपाठी, त्रिभुवन सिंह यादव, आशीष यादव, कुंवर रोहित सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष देवशरण मिश्र, अनिल श्रीवास्तव आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने पूर्व अध्यक्ष हेमराज सिंह की मां के निधन पर पांच मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी और फिर अनशन पर बैठ गए।
