Assembly Bypolls 2023: 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी, इस दिन होगी वोटों की गिनती

Amrit Vichar Network
Published By Vishal Singh
On

Assembly Bypolls 2023: छह राज्यों की सात विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान शुरु हो गया है। यह चुनाव भाजपा के खिलाफ 'इंडिया' अलायंस के लिए पहली चुनावी परीक्षा माना जा रहा है। उपचुनाव में विपक्षी दलों का गठबंधन उत्तर प्रदेश के घोसी, झारखंड के डुमरी, त्रिपुरा के धनपुर और बॉक्सानगर के साथ उत्तराखंड के बागेश्वर निर्वाचन क्षेत्र में संयुक्त चुनाव लड़ रहा है।

वहीं, गठबंधन में शामिल पार्टियां पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी और केरल के पुथुपल्ली में एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। वोटों की गिनती 8 सितंबर को होगी।  उत्तर प्रदेश की घोसी सीट समाजवादी पार्टी (SP) के विधायक और ओबीसी नेता दारा सिंह चौहान के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। वह बीजेपी में शामिल हो गए हैं।

घोसी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान मंगलवार सुबह सात बजे शुरू हो गया और वोट शाम छह बजे तक पड़ेंगे। प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि मतदेय स्थलों पर जो मतदाता शाम छह बजे उपस्थित रहेंगे, वे भी वोट डाल सकेंगे। रिणवा के मुताबिक, उपचुनाव के लिए 239 मतदान केंद्र और कुल 455 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस उपचुनाव में 4.30 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे, जिनमें 2.31 लाख पुरुष, 1.99 लाख महिलाएं और नौ अन्य शामिल हैं। घोसी उपचुनाव में कुल 10 उम्मीदवार मैदान में हैं। रिणवा ने बताया कि मतदान पर करीबी नजर रखने के लिए आयोग ने एक सामान्य प्रेक्षक, एक व्यय प्रेक्षक और एक पुलिस प्रेक्षक भी तैनात किया है। 

इसके अलावा, 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट, दो जोनल मजिस्ट्रेट और 110 माइक्रो पर्यवेक्षकों की भी तैनाती की गई है। रिणवा के अनुसार, निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम एवं सुरक्षा व्यवस्था की है। उन्होंने बताया कि मतदान के पर्यवेक्षण के लिए मतदेय स्थलों पर लाइव वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है, जिसका पर्यवेक्षण जिला निर्वाचन अधिकारी, मुख्य निर्वाचन अधिकारी और भारत निर्वाचन आयोग तीनों स्तर पर किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पर्याप्त मात्रा में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती की गई है और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों को दी गई है। इस उपचुनाव को उत्तर प्रदेश में भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और विपक्षी दलों के गठजोड़ 'इंडिया' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) के बीच पहली चुनावी भिड़ंत के तौर पर देखा जा रहा है। 

घोसी विधानसभा क्षेत्र का उपचुनाव राज्य में विपक्षी गुट 'इंडिया' के गठन और पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रभावशाली मानी जाने वाली सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राजग में शामिल होने के बाद हो रहा पहला चुनाव है। घोसी से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक और अन्य पिछड़ा वर्ग के नेता दारा सिंह चौहान के गत जुलाई में विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफे देने और भाजपा में शामिल होने के बाद इस विधानसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। 

झारखंड में डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान शुरू
गिरिडीह (झारखंड)। झारखंड की डुमरी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। एक अधिकारी ने बताया कि 373 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है, जिनमें से लगभग 200 की पहचान नक्सल प्रभावित मतदान केंद्रों के रूप में की गई है। अधिकारी के मुताबिक, डुमरी विधानसभा उपचुनाव के लिए वोट शाम पांच बजे तक पड़ेंगे। उन्होंने बताया कि डुमरी उपचुनाव में 1.44 लाख महिलाओं सहित 2.98 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं और वे तीन निर्दलीय सहित कुल छह उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे। 

अधिकारी के अनुसार, डुमरी में निष्पक्ष एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने के लिए झारखंड सशस्त्र पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों के साथ-साथ होम गार्ड की तैनाती की गई है। डुमरी से झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के विधायक और राज्य के पूर्व शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के कारण इस सीट पर उपचुनाव जरूरी हो गया था। महतो साल 2004 से राज्य विधानसभा में इस सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे थे। झामुमो ने महतो की पत्नी बेबी देवी को विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) की उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा है, जबकि ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) पार्टी से यशोदा देवी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की प्रत्याशी के रूप में किस्मत आजमा रही हैं। वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने मोहम्मद अब्दुल मोबीन रिजवी को टिकट दिया है। अधिकारी के मुताबिक, डुमरी में वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।  

केरल में पुथुपल्ली विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शुरू 
तिरुवनंतपुरम। केरल के कोट्टायम जिले के पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव के लिए मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री ओमन चांडी के निधन के बाद खाली हुई इस सीट पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। 

चांडी का इस साल 18 जुलाई को निधन हो गया था। उन्होंने पांच दशकों से अधिक समय तक कोट्टायम जिले के इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया था। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी गठबंधन यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) ने ओमन चांडी के बेटे चांडी ओमन को चुनाव मैदान में उतारा है। विश्लेषक इस कदम को पूर्व मुख्यमंत्री की मृत्यु के बाद सहानुभूति लहर को भुनाने की एक स्पष्ट रणनीति के रूप में देख रहे हैं। 

वहीं, सत्तारूढ़ वाम मोर्चे ने एक बार फिर डीवाईएफआई नेता जैक सी थॉमस पर भरोसा जताया है, जिन्होंने 2016 और 2021 में दिवंगत चांडी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं दर्ज पाए थे। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने कोट्टायम जिला अध्यक्ष जी. लिजिनलाल को टिकट दिया है। पुथुपल्ली विधानसभा क्षेत्र में कुल 1,76,417 मतदाता मतदान के पात्र हैं, जिनमें 90,281 महिलाएं, 86,132 पुरुष और चार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। क्षेत्र में उपचुनाव के लिए कुल 182 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

प. बंगाल : धुपगुड़ी विधानसभा उपचुनाव के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू जलपाईगुड़ी। पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले की धुपगुड़ी विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था के बीच मंगलवार सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि धुपगुड़ी उपचुनाव में 2.6 लाख से अधिक मतदाता मतदान के पात्र हैं।

अधिकारी के मुताबिक, धुपगुड़ी में 260 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं, जिनमें से 71 की पहचान संवेदनशील के रूप में की गई है। मार्क्सवादी कम्युनिस्टी पार्टी (माकपा) के ईश्वर चंद्र रॉय कांग्रेस-वामदल गठबंधन के उम्मीदवार के तौर पर मैदान में हैं, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पेशे से शिक्षक निर्मल चंद्र रॉय को टिकट दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुछ साल पहले कश्मीर में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हुए सीआरपीएफ जवान की विधवा तापसी रॉय को अपना उम्मीदवार बनाया है।

साल की शुरुआत में धुपगुड़ी से भाजपा विधायक बिशु पदा रे के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित धुपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 50 प्रतिशत राजबंशी और 15 प्रतिशत अल्पसंख्यक आबादी रहती है। भाजपा ने 2021 में हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में टीएमसी से यह सीट छीन ली थी।

त्रिपुरा में दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी
अगरतला। त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले की धनपुर और बॉक्सानगर विधानसभा सीटों पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि धनपुर विधानसभा क्षेत्र के 59 और बॉक्सानगर के 51 मतदान केंद्रों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और वोट शाम चार बजे तक डाले जाएंगे।

पिछले विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर बॉक्सानगर से जीत दर्ज करने में असफल रहे तफज्जल हुसैन इस बार क्षेत्र में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के उम्मीदवार मिजान हुसैन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं। बॉक्सनगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 43,087 मतदाताओं में से 66 प्रतिशत मतदाता अल्पसंख्यक हैं। फरवरी में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में माकपा इस सीट को बरकरार रखने में कामयाब रही थी। वहीं, कभी वामपंथियों का गढ़ माने जाने वाले धनपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की बिंदू देबनाथ और माकपा के कौशिक देबनाथ के बीच मुकाबला है। इस सीट पर 50,346 मतदाता मतदान के पात्र हैं।

सात महीने पहले हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने पहली बार इस सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस और टिपरा मोथा ने इन दो सीटों पर उपचुनाव के लिए अपने उम्मीदवार नहीं उतारे हैं। माकपा विधायक समसुल हक के निधन के कारण बॉक्सानगर निर्वाचन क्षेत्र में उपचुनाव आवश्यक हो गया था। वहीं, केंद्रीय मंत्री प्रतिमा भौमिक के धनपुर के विधायक पद से इस्तीफा देने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था। वोटों की गिनती आठ सितंबर को की जाएगी।

उत्तराखंड में बागेश्वर विस उपचुनाव हेतु मतदान जारी
बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जनपद की 47 बागेश्वर विधानसभा (विस) क्षेत्र के लिए मंगलवार सुबह सात बजे से उपचुनाव हेतु मतदान शुरू हो गया। राज्य के कुमायूं मंडल स्थित इस विस क्षेत्र के उपचुनाव में कुल 118264 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। मतदान शाम पांच बजे तक संपन्न होगा। यहां 172 मतदान केन्द्रों में से 15 मतदेय स्थल संवेदनशील हैं। पूरी विधानसभा को तीन जोन और 28 सेक्टर में बांटा किया गया है। क्षेत्र में 834 कार्मिक (आरक्षित समेत) और 1444 सुरक्षा कर्मी मतदान व्यवस्था में जुटे हैं। विस क्षेत्र में कुल 2545 वरिष्ठ मतदाता हैं। इनमें पुरूषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है। इनमें से 963 मतदाताओं ने पोस्टल बैलेट से पूर्व में ही मतदान कर दिया था।

इसी प्रकार 1355 दिव्यांग मतदाताओं में से 50 ने पोस्टल बैलेट जबकि निर्वाचन ड्यूटी में तैनात 624 ने पोस्टल बैलेट से पूर्व में ही मतदान कर चुके हैं। पूरी विधानसभा में एक सखी बूथ और पांच आदर्श मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। उल्लेखनीय है कि यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की श्री पार्वती दास, कांग्रेस के श्री बसंत कुमार, समाजवादी पार्टी से भगवती प्रसाद, उक्रांद से श्री अर्जुन कुमार और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी से श्री भगवत कोहली प्रत्याशी हैं।

ये भी पढ़ें- आदित्य एल-1 की पृथ्वी की कक्षा से संबंधित दूसरी प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी,  इसरो ने दिया अपडेट

संबंधित समाचार