कानपुर में इन दिनों खाकी चर्चाओं में, इश्कबाज के बाद अब नशेबाज दरोगा का वीडियो वायरल, 25 मिनट तक कांटा हंगामा
कानपुर में अय्याश दरोगा के बाद अब नशेबाज दरोगा का वीडियो वायरल।
कानपुर में अय्याश दरोगा के बाद अब नशेबाज दरोगा का वीडियो वायरल। मुफ्त में सिगरेट न देने पर महिला दुकानदार से गालीगलौज की।
कानपुर, अमृत विचार। साढ़ थाने में तैनात अय्याश दरोगा का पीड़ित युवती से अश्लील बातों का वीडियो रविवार को वायरल हुआ था और सोमवार को एक नशेबाज दरोगा का किस्सा सामने आ गया। रात में कल्याणपुर थानाक्षेत्र में शिवली रोड पर नशे में धुत दरोगा ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि मुफ्त में सिगरेट न देने पर महिला दुकानदार से गालीगलौज की।
इस दौरान सड़क पर लड़खडाते दरोगा का वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। तकरीबन 25 मिनट तक दरोगा ने बीच चौराहा जमकर हंगामा काटा। महिला दुकानदार की सूचना पर पहुंची पीआरवी ने उसे हिरासत में लिया। दरोगा पर कार्रवाई के लिए कल्याणपुर पुलिस ने रिपोर्ट बनाकर एसपी बहराइच को भेज दी है।
महाबलीपुरम कल्याणपुर में रहने वाले दरोगा पुंडरीक त्रिपाठी बहराइच पुलिस लाइन में तैनात हैं। बीते 29 अगस्त को वह अपने घर आए थे। इस दौरान शराब पीकर नशे में धुत होने के बाद शिवली रोड महिला तिराहे पर जमकर हंगामा किया। मुफ्त में सिगरेट नहीं देने पर एक महिला दुकानदार से गाली-गलौज की। महिला ने पीआरवी को सूचना दी। पीआरवी ने दरोगा को हिरासत में लिया और कल्याणपुर थाने के सुपुर्द कर दिया।
कल्याणपुर प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय ने बताया कि दरोगा का मेडिकल कराने पर शराब पीने की पुष्टि हुई है। किसी ने दरोगा के खिलाफ कोई तहरीर नहीं दी तो दफा-34 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों और वहां मौजूद लोगों का आरोप था कि धमकाते हुए दरोगा ने कहा कि अगर किसी ने उसकी शिकायत की तो उसके लिए अच्छा नहीं होगा। इससे दहशत के चलते किसी ने दरोगा के खिलाफ तहरीर नहीं दी।
