UP: कन्नौज में खाकी का खेल, दृष्टिहीन की भूमि पर कब्जे का प्रयास, पुलिस ने पीड़ित का ही कर दिया चालान
कन्नौज में खाकी ने खेल किया।
कन्नौज में खाकी ने खेल किया। दृष्टिहीन की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया। पुलिस ने पीड़ित का ही चालान कर दिया। पीड़ित दंपती ने एसपी से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई।
कन्नौज, अमृत विचार। नेत्रहीन दिव्यांग की भूमि व मकान पर भतीजा व उसकी पत्नी कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। आये दिन उससे मारपीट की जा रही है। शिकायत करने पर पुलिस ने उल्टा उसका ही शांति भंग में चालान कर दिया। फिर पुलिस गांव पहुंची और उसे पकड़ कर ले जाने लगे। पैसों की मांग की गई। उसने बकरी बेंच कर दरोगा को पैसे दिये। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी से की है।
ठठिया थाना क्षेत्र के गांव उमरायपुर्वा पट्टी निवासी विनोद कुमार पुत्र वल्देव ने एसपी अमित कुमार आनन्द को दिए शिकायती पत्र में कहा कि वह दृष्टिहीन है। वह गांव में पत्नी के साथ रहता है। खेती कर गुजर बसर करता है। गांव का ही निवासी भतीजा ग्रीश चंद्र पुत्र दीवान सिंह व उसकी पत्नी सरिता उसकी भूमि व मकान पर कब्जा करने का प्रयास करते रहते हैं।
इसीलिए अक्सर उससे मारपीट कर उसे गांव के भगाने का प्रयास कर रहे हैं। 24 अगस्त की शाम छह बजे उक्त लोगों ने उसके घर में घुसकर गालीगलौज व मारपीट की। इसकी सूचना उसने 1076 हेल्पलाइन पर की। ठठिया थाने में भी शिकायती पत्र दिया। आरोपियों के प्रभाव में पुलिस ने उसे ही गिरफ्तार कर शांति भंग में चालान कर दिया। यही नहीं एक झूठा मुकदमा धारा 323,504,506 में उसके खिलाफ दर्ज कर दिया। वह नेत्रहीन होने से इस तरह का कार्य करने में असमर्थ है।
पांच सितम्बर को शाम 7:30 बजे उसके घर पर ठठिया थाने के दरोगा श्यामपाल चार पांच सिपाहियों के साथ कार से आये। उसकी पत्नी व उसे गालीगलौज की और जेल भेजने की धमकी दी। उससे 30,000 रुपये की मांग की। कहा कि पैसे देने पर उसका मुकदमा खत्म करा देंगे। उसने पैसे न होने की बात दरोगा से की तो जबरन हथकड़ी डाल कर कार में बैठाने लगे।
जेल जाने से बचने के लिए उसने अपनी बकरी 5500 रुपये में बेंच कर दरोगा को पैसे दिए। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया। दरोगा ने कहा कि बाकी पैसों का इंतजाम जल्द करदो। नहीं तो जेल जाने के लिए तैयार रहो। विपक्षी ग्रीश चंद्र दरोगा का खास आदमी है। उसी के इशारे पर पुलिस भी परेशान कर रही है। उसने कहा कि अब उसके पास गांव छोड़ने व आत्महत्या करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। एसपी अमित कुमार आनन्द का कहना है कि शिकायत की जांच होगी। यदि इस तरह का मामला पाया जाता है तो कार्रवाई की जायेगी।
