शाहजहांपुर: लापरवाही...स्कूल गेट पर ताला, अस्पताल से डॉक्टर गायब
डीएम के निरीक्षण में सामने आई शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली
शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम उमेश प्रताप सिंह मंगलवार को शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली देखने निकले। सबसे पहले शहर के प्राथमिक विद्यालय, हाथीथान प्रथम पहुंचे तो वह बंद मिला और दरवाजे पर ताला लटक रहा था। यह देख डीएम सन्न रह गए।
उन्होंने शिक्षक, शिक्षिकाओं समेत पूरे स्टाफ का स्पष्टीकरण तलब करते हुए बीएसए का भी जवाब तलब किया है। वहीं डीएम शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, जलालानगर पहुंचे तो वहां फार्मासिस्ट दवाई दे रहीं थीं, जबकि प्रभारी डॉक्टर (मेडिकल ऑफीसर) डॉ. शाहनवाज गायब थे। उपस्थिति रजिस्टर पर भी उनके हस्ताक्षर न मिलने पर डीएम ने उनकी अनुपस्थिति दर्ज करते हुए वेतन काटने के निर्देश दिए।
डीएम मंगलवार की दोपहर अपने ऑफिस से बिना किसी को बताए करीब 01.35 बजे प्राथमिक विद्यालय, हाथीथान प्रथम में पढ़ाई व्यवस्था चेक करने पहुंचे, लेकिन स्कूल बंद मिला। विद्यालय के गेट पर ताला लटका मिला। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई और स्कूल के पूरे स्टाफ के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही शिक्षा को लेकर लापरवाही होने पर बीएसए का भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए। डीएम ने स्कूल बंद होने पर कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। उनकी शिक्षा में लापरवाही को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय से पहले कोई विद्यालय के बंद मिलता है तो संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि निर्धारित समय तक कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित किया जाए।
फार्मासिस्ट के भरोसे मिला शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालनगर
डीएम उमेश प्रताप सिंह ने जलालनगर स्थित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान मेडिकल ऑफीसर डॉ. शाहनवाज खान अनुपस्थित पाए गए, जिस पर डीमए ने कड़ी नाराजगी जताते हुए उनका अग्रिम आदेशों तक वेतन रोकने व जवाब तलब करने के लिए सीएमओ को निर्देश दिये। इस दौरान एएनएम सुनीता देवी भी अनुपस्थित पाई गईं।
डीएम ने पीएचसी पर कार्यरत कार्मिकों की उपस्थिति और उनके कार्यों के विषय में जानकारी ली।
डीएम ने उपस्थिति पंजिका, स्टॉक पंजिका, औषधी वितरण पंजिका व भ्रमण पंजिका का निरीक्षण किया और साफ सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। एएनएम के अनुपस्थित होने पर स्टाफ ने बताया कि वह भ्रमण पर गई हैं। डीएम ने भ्रमण पंजिका दिखाने को कहा, जिस पर सभी बगलें झांकने लगे। इस पर उन्होंने फार्मासिस्ट दीपक गुप्ता को चेतावनी देते हुये भ्रमण पंजिका बनाने के निर्देश दिये। निरीक्षण में उपस्थित रजिस्टर आदि के पृष्ठ प्रमाणित नहीं पाए गए।
डीएम ने एक सप्ताह में सभी आवश्यक रजिस्टरों के पृष्ठ प्रमाणित करने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान उन्होने औषधी वितरण कक्ष, औषधी भण्डारण कक्ष तथा टीकाकरण कक्ष का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई व्यवस्था अत्यंत खराब पाई गए। उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इंटर्न फार्मासिस्ट इल्तिजा अनमोल से मरीजों को दी जाने वाली दवाईयों के विषय में भी पूछा।
पीएचसी के बाहर गंदगी पर नगर निगम के अफसर का जवाब तलब
पीएचसी के बाहर सड़क पर भी गंदगी देख डीएम एक बार फिर खफा हो गए और उन्होंने सड़क पर साफ-सफाई ठीक न पाये जाने पर नगर निगम के जोनल अधिकारी का जवाब तलब करने के निर्देश दिये। साथ ही सड़क पर खुदाई के उपरान्त रीस्टोरेशन कार्य ठीक प्रकार से न किए जाने पर जल निगम के अधिशासी अभियन्ता का भी जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- बरेली: आप परिवार, वंश व जाति के लिए ही नहीं...राष्ट्र के लिए बने हैं, करें खुद को तैयार
