हरदोई में मेन लाइन पर फेल हुआ मालगाड़ी का इंजन, एक घंटे तक बंद रहा संचालन
हरदोई, अमृत विचार। हरदोई के पास कौढ़ा रेलवे स्टेशन से पहले झारखंड से कोयला लेकर अमरावती जा रही मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। जिससे ट्रैक लगभग एक घंटे बाधित रहा।
हरदोई से बुधवार सुबह 3:57 मिनट पर मालगाड़ी के निकलने के बाद कौढ़ा रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले सुबह लगभग 4:07 मिनट के आसपास मालगाड़ी के इंजन में कुछ तकनीकी समस्या आ गई। लोको पायलट द्वारा तकनीकी समस्या को दूर करने का काफी प्रयास किया गया लेकिन वो ठीक नहीं हुई। इसके बाद लोको पायलट ने कौढ़ा रेलवे स्टेशन व कंट्रोल को इंजन के फेल को जाने की जानकारी दी।
कंट्रोल की तरफ से एंगवा रेलवे स्टेशन पर खड़ी मालगाड़ी जिसमें दो इंजन लगे हुए थे उसमें से एक इंजन को काटकर कौढ़ा रेलवे स्टेशन के पहले मेन लाइन पर खड़ी मालगाड़ी में जोड़ा गया। जिसके बाद मेन लाईन पर खड़ी मालगाड़ी को हटाकर कौढ़ा रेलवे स्टेशन की लूप लाइन पर खड़ा किया गया। इसके बाद लगभग एक घंटा 15 मिनट बाद मेन ट्रैक को बहाल किया जा सका।
हरदोई शाहजहांपुर मेन लाइन के प्रभावित होने से पीछे से आ रहे 15903 डिब्रूगढ़ चंडीगढ़ एक्सप्रेस एक घंटा 15 मिनट तक हरदोई कौढ़ा ब्लॉक हट के पास खड़ी रही। कुछ अन्य ट्रेनें भी पांच-पांच मिनट तक छोटे स्टेशनों पर खड़ी की गईं।
ये भी पढ़ें -हरदोई : राज्य पुरस्कार लेकर लौटी शिक्षिका मंजू वर्मा का BEO ने किया स्वागत
