Fatehpur News: पिछली वारदातों के खुलासे को जूझती खाकी को एक और चैलेंज, घाघौरा में लाखों की चोरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फतेहपुर के घाघौरा में लाखों क चोरी।

फतेहपुर में पिछली वारदातों के खुलासे को जूझती खाकी को एक और चैलेंज मिला है। चोरों ने घाघौरा में लाखों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

फतेहपुर, अमृत विचार। घघौरा गांव के एक किसान के घर को मंगलवार रात चोरों ने निशाना बनाकर नकदी व जेवरात समेत लाखों का माल पार कर दिया। आहट पर किसान की बहू जगी तो घर में तीन व्यक्ति दिखे। वह कुछ कर पाती उससे पहले एक ने महिला की नाक में रुमाल रख दिया। काफी देर बाद होश आने पर वह कमरे में पहुंची तो नजारा देखकर चीख निकल गई। आलमारी में रखी नकदी व जेवर गायब मिले। मामले की सूचना पर बुधवार को इलाकाई पुलिस ने पहुंचकर तफ्तीश की।

थाना क्षेत्र के घघौरा गांव के शिव करन यादव का परिवार मंगलवार की रात नौ बजे भोजन करके अपने अपने बिस्तर पर चला गया। आधी रात शिव करन के बेटे दिलीप की पत्नी रामा को घर के अंदर किसी के होने की आहट लगी। जिस पर वह बिस्तर से उठकर बाहर निकली। तभी उसे घर में तीन लोग दिखे। अंधेरा होने के कारण चेहरा स्पष्ट नहीं हो सका। तभी दो छिप गए जबकि एक ने उसके पास आकर नाक में रुमाल रख दी।

जिसके बाद वह बेहोश हो गई। बेहोशी दूर होने पर उसने जगकर शोर मचाया और भाग कर कमरे में पहुंची तो चोर अपना काम करके जा चुके थे। आलमारी में रखी 10 हजार की नकदी व लाखों के जेवरात गायब मिले। चोरी की इत्तला पर गाजीपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की। चोरी की जानकारी पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी इकट्टा हो गए।

पुलिस ने घटना के बाबत जानकारी हासिल की। थानेदार विनोद कुमार ने बताया कि हल्का इंचार्ज को वर्कआउट करने को लगाया गया है। मामले के हरेक बिंदु को ध्यान में रखकर काम किया जा रहा है। जल्द ही मामले का सच सामने लाने की कोशिश होगी।

संबंधित समाचार