Kanpur Dehat: पति ने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर की हत्या, पुलिस को दी फर्जी अपहरण की सूचना, फिर हुआ से सब
कानपुर देहात में पत्नी की पति ने गला दबाकर की हत्या।
कानपुर देहात में पति ने साथियों के साथ मिलकर पत्नी की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने पुलिस को पत्नी के फर्जी अपहरण की सूचना दी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। गहलो जर्बी ससुराल से पत्नी को लेकर बाइक से घर जा रहे पति ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी और शव रामगंगा नहर पटरी किनारे फेंक दिया। इसके बाद उससे मारपीट कर बदमाशों के पत्नी का अपहरण कर ले जाने की फर्जी सूचना पुलिस को दे दी। ससुर ने दामाद व उसके दो साथियों पर आरोप लगाकर रात में ही रिपोर्ट दर्ज करा दी। सुबह महिला का शव मैथा नहर किनारे बबूल की झाड़ियों में पड़ा मिला। मौके पर पहुंचे एसपी व एएसपी ने छानबीन की। पुलिस पति व उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
कानपुर नगर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के पनऊपुरवा गांव के रमन पाल की ससुराल रूरा थाना के गहलो जर्बी गांव में कमलेश पाल के घर में है। कमलेश पाल की लड़की सरिता (30) के साथ वर्ष 2018 में उसकी शादी हुई थी। सरिता रक्षाबंधन पर अपने मायके गई थी। रमन पाल मंगलवार की शाम सात बजे सरिता व चार वर्षीय पुत्री अनिका को ससुराल से लेकर घर वापस जा रहा था। उसने रात में पुलिस को सूचना दी कि बाइक सवार बदमाशों ने उसे घायल कर पत्नी सरिता को अपहरण कर लिया है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रमन को सीएचसी में भर्ती कराकर महिला की तलाश में पुलिस जुट गई। लेकिन रात भर तलाश के बाद भी महिला का पता नहीं चल सका। उधर, रात में ही ससुर कमलेश कुमार ने अनहोनी की आशंका जताते हुए दामाद रमन व उसके साथियों पर पुत्री को गायब करने का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। बुधवार की सुबह मैथा नहर रोड पर गगनी देवी मंदिर केशरीनिवादा के समीप बबूल की झाड़ियों में सरिता का शव पड़ा मिला। जिससे हड़कंप मच गया।
सूचना पर कोतवाल एसएन सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहंुचे। इधर जानाकारी मिलते ही एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति, एसपी राजेश पांडेय, सीओ तनु उपाध्याय कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं खोजी कुत्ता कुछ दूर जाने के बाद भटक गया। कोतवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतका के गले में दुपट्टा कसा हुआ था। जिससे संभावना है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। पीएम रिपोर्ट के बाद स्थिति और भी स्पष्ट होगी।
पति रमन पाल ने ही प्लानिंग बनाकर साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की है। पति व उसके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।- बीबीजीटीएस मूर्ति एसपी
शव मिलने से पति पर घूमी शक की सुई
मंगलवार की रात को रमन ने अपहरण और लूट की फर्जी सूचना पुलिस को दी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास देखा था। लेकिन कुछ नहीं मिला था। वहीं बुधवार की सुबह पुलिस नहर पटरी के किनारे जांच कर रही थी। तभी रात के घटनास्थल के पास पर्स पड़ा मिला। जो रात में नही था। जब झाड़ियों में देखा गया तो सरिता का शव पड़ा था।
पत्नी को रास्ते से हटाने की पहले ही बनाई प्लानिंग
पति रमन पाल ने पत्नी पत्नी सरिता की हत्या का प्लान पहले ही तय कर लिया था। उसने कई रास्ते होने के बावजूद नहर रोड के सुनसान जगह को चुना और साथियों के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को झाड़ियां में फेंक दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए अपहरण की झूठी साजिश रच दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी पति अपने कई साथियों के साथ संपर्क में था। जिन्होंने गगनी देवी के पास इस घटना को अंजाम दिया और भाग गए।
