इंडिया से दिक्कत है तो भाजपा रिजर्व बैंक का नाम बदल कर करा दे नोटबंदी : अजय राय 

इंडिया से दिक्कत है तो भाजपा रिजर्व बैंक का नाम बदल कर करा दे नोटबंदी : अजय राय 

रायबरेली, अमृत विचार। जन्माष्टमी पर कांग्रेस ने अपने गढ़ की राजनीतिक जमीन को टटोलने के लिए कमर कस ली। यही कारण रहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जिले का दौरा किया और शहर में नगर पालिका द्वारा आयोजित जन्माष्टमी के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना कर लोकसभा चुनाव में जोरदार प्रदर्शन के लिए हुंकार भरी।

इंडिया नाम पर भाजपा के तकलीफ को लेकर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि भाजपा को इंडिया के नाम से समस्या है तो रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया का नाम बदल कर एक और नोट बंदी कर दें। हर नोट पर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया लिखा है तो बदल दें उसका नाम और कर दें नोट बंदी। अजय राय ने कहा कि रायबरेली उनके नेता सोनिया गांधी का संसदीय क्षेत्र है इसलिए वह यहां उनके सिपाहियों से मिलकर चुनावी रणनीति पर चर्चा करने पहुंचे हैं। उन्होंने आक्रामक अंदाज़ में कहा कि इस बार फिर यहां से सोनिया गांधी चुनाव लड़कर पहले से ज़्यादा वोटों से जीतेंगी। अमेठी की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि इस बार वहां स्मृति ईरानी की जमानत जब्त होगी।

आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा के 80 सीटों पर जीत वाले बयान का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पहले घर के भीतर शराब पिलाने और जुआ का अड्डा चलाने वाले अपने मंत्री को देखे पार्टी फिर वह अस्सी सीटें जीते। अजय राय ने कहा इस बार कॉंग्रेस पूरी मजबूती से लड़कर भाजपा  को हराएगी और राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री होंगे। इस मौके पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अतुल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष शत्रोहन सोनकर, कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज तिवारी आदि मौजूद रहे। 

अमेठी के बाद रायबरेली का दौरा कर दिया संदेश

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने जब से पदभार संभाला है वह भाजपा पर खासे आक्रामक हैं। अमेठी का दौरा करने के बाद रायबरेली का दौरा किया। राजनीति के विशेषज्ञों का मानना है अजय राय अपने बेबाक शैली के चलते कांग्रेस की राजनीतिक जमीन को लौटाने का काम करने में लगे हैं। उनका फोकस अमेठी, रायबरेली से जुड़े वह जिले हैं जहां कभी कांग्रेस का बोलबाला था। ऐसे में लोकसभा चुनाव से पहले वह संभावित जीत वाले जिलों में दौरा कर कार्यकर्ताओं को सीख दे रहे हैं।

यह भी पढ़ें : बहराइच : सांड के हमले में होमगार्ड घायल, जिला अस्पताल में भर्ती

Post Comment

Comment List