बरेली: प्रॉपर्टी का पता बताएंगे यूनिक नंबर, शुरुआत इसी सप्ताह से
घर-दुकान के साथ प्लाटों पर भी नंबर प्लेट लगाने का फैसला, शुगर फैक्ट्री ,नेकपुर, मढ़ीनाथ, सिठौरा से शुरू होगा काम
बरेली, अमृत विचार : शहर में हर प्रॉपर्टी को यूनिक नंबर देने की महीनों पुरानी योजना पर नगर निगम अगले सप्ताह से क्रियान्वयन शुरू करने जा रहा है। नंबर प्लेट लगाने की शुरुआत शुगर फैक्ट्री, नेकपुर, मढ़ीनाथ और सिठौरा से की जाएगी। इसके लिए 35 टीमें बनाई गई हैं। इसके साथ अब मकान-दुकान के साथ प्लॉटों को भी यूनिक नंबर देने का फैसला लिया गया है।
ये भी पढ़ें - बरेली: रजाकारों को यूटीएस एप चलाने की दी जाएगी ट्रेनिंग, जायरीन के लिए अतिरिक्त ट्रेनों के किए जाएंगे ठहराव
स्मार्ट सिटी में अभी घरों पर कोई नंबर है लिहाजा कोई पता ढूंढना भी आसान नहीं है। घरों पर नंबर पड़ने से यह दिक्कत आसान होने के साथ शहर की सभी संपत्तियां रिकॉर्ड में दर्ज होने से नगर निगम को भी काफी लाभ होगा।
जीआईएस के बाद शहर में 2.40 लाख संपत्तियां दर्ज हुई हैं। नगर निगम के रिकॉर्ड में करीब डेढ़ लाख संपत्ति ही दर्ज थीं। अधिकारियों के मुताबिक टीमों को क्रमबद्ध ढंग से नंबर डालने का निर्देश दिया गया है ताकि एकरूपता बनी रहे। भ्रम की स्थिति से बचने के लिए पुरानी बस्तियों में फिलहाल पुराने और नए नंबर दोनों डालने को कहा गया है। इनके टैक्स के बिलों में भी पुराने और नए दोनों नंबर दर्ज किए जाएंगे।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स ने सीटीओ पीके मिश्र और अपर नगर आयुक्त सर्वेश गुप्ता के साथ बुधवार को हुई बैठक में निर्देश दिया कि घरों में नंबरिंग जल्द शुरू करा दी जाए। पहले यह काम बृहस्पतिवार से कराने की बात तय हुई लेकिन जन्माष्टमी के अवकाश के कारण शुक्रवार से काम शुरू कराने का निर्णय लिया गया।
ये भी पढ़ें - बरेली: जीआईएस सर्वे, संपत्तियों का मिलान शुरू, मिल रहा काफी अंतर
