Mahoba News: संपूर्ण थाना दिवस का आयोजन, फरियादी लेकर पहुंचे शिकायत, अधिकारियों ने दिए ये निर्देश
महोबा में संपूर्ण थाना दिवस का हुआ आयोजन।
महोबा में संपूर्ण थाना दिवस का आयोजन हुआ। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में संपूर्ण थाना दिवस का आयोजन किया।
महोबा, अमृत विचार। शनिवार को कोतवाली महोबा में आयोजित जिला संपूर्ण थाना दिवस के मौके पर फरियादियों की भारी भीड़ जुटी, जहां पर अधिकारियों ने लेखपाल और पुलिस को मौके पर भेजकर शिकायत संबन्धी मामले निस्तारण करने के निर्देश दिए। सुबह ग्यारह बजे से ही कोतवाली परिसर में फरियादी अपनी अपनी शिकायत लेकर पहुंच गए। मौके पर लगभग आधा दर्जन शिकायतों का निस्तारण किया गया, शेष शिकायतों का निस्तारण करने के लिए संबन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा गुप्ता की अध्यक्षता में संपूर्ण थाना दिवस का आयोजन किया गया। जहां पर भारी संख्या में फरियादी पहुंचे। सुबह से ही फरियादी अपनी अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। सबसे ज्यादा शिकायतें जमीन संबन्धी आई, जहां पर एसपी और एसडीएम के निर्देश पर लेखपाल और पुलिस बल मौके पर जाकर नाप जोख की और जमीन संबन्धी मामले निस्तारित किए। कुछ लड़ाई झगड़ों के मामले आपसी समझौते के आधार पर निपटाए गए।
जिला स्तरीय संपूर्ण थाना दिवस का आयोजन किए जाने से फरियादियों में विशेष उत्साह दिखाई दिया, जिसके चलते शिकायतकर्ता न्याय की उम्मीद में कोतवाली पहुंच गए और प्रार्थनापत्र देकर समस्याओं का निस्तारण कराने की मांग की गई। पुलिस अधीक्षक ने एक एक फरियादी से समस्याओं के बावत जानकारी ली। इस मौके पर उपजिलाधिकारी सदर जितेंद्र कुमार व सीओ सदर रामप्रवेश राय, कोतवाली प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह के अलावा कानूनगो, लेखपाल मौजूद रहे।
