बरेली: बारिश में लगी फाल्ट की झड़ी, बिजली संकट गहराया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पवन विहार में शनिवार को भी ठीक नहीं हो सका फाल्ट, सुभाषनगर में 10 घंटे ठप रही बिजली, लोग हुए परेशान

बरेली,अमृत विचार: बारिश के चलते शहर की बिजली व्यवस्था धड़ाम हो गई। शुक्रवार रात से ही फाल्टों को झड़ी लग गई। कई इलाकों में बिजली संकट छा गया। बारिश के कारण पवन विहार में फाल्ट शनिवार को भी ठीक नहीं हो सका। सुभाषनगर और मढ़ीनाथ में 10 घंटे आपूर्ति बाधित रही। सुबह लोगों को पेयजल समस्या से जूझना पड़ा।

फोन करने पर अफसर बारिश होने का बहाना बनाते रहे। किला, महानगर और शाहदाना इलाके में भी बिजली कटौती ने परेशान किया। पवन विहार में शुक्रवार को फाल्ट हो गया। शनिवार को फाल्ट लोकेटर मशीन को मंगवाया गया, लेकिन बारिश के चलते फाल्ट नहीं मिल सका। पवन विहार की लाइन को जगतपुर से जोड़ा तो वह भी ओवरलोड हो गई। इससे उस लाइन से भी आपूर्ति प्रभावित हो गई।

जगतपुर, ग्रीन पार्क और हरूनगला से पोषित अधिकांश क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। शांति विहार, करगैना, करेली क्षेत्र के लोग भी बिजली कटौती से परेशान रहे। ग्रेटर ग्रीन पार्क में बिजली लाइन पर पेड़ गिरने से एक फेस चला गया। शाहदाना क्षेत्र में दिन में कई घंटे तक आपूर्ति प्रभावित रही।

किला उपकेंद्र के हार्टमन में पूर्वाह्न 11 बजे ट्रांसफार्मर खराब हो गया, जो 4 बजे ठीक हो सका। महानगर उपकेंद्र के मुंशीनगर, सरदार जी कॉलोनी, आकांक्षा इंक्लेव आदि जगह पर भी बिजली की वजह से ट्रिपिंग की समस्या रही। नकटिया क्षेत्र में लाइन ब्रेकडाउन होने से कई घंटे तक बिजली गुल रही। हरूनगला उपकेंद्र से जुड़े रामगंगा सेक्टर 9 में शुक्रवार रात से लेकर शनिवार रात 8 बजे तक बिजली नहीं आने से लोग परेशान होते रहे।

ये भी पढ़ें - बरेली: सीबीगंज में साढ़े चार घंटे बिजली रही गुल, शहर में भी आए दिन घंटों लाईट नहीं रहने से लोग रह रहे हैं परेशान

 

संबंधित समाचार