Unnao Murder: अधेड़ ने कुल्हाड़ी से महिला को काटा, हत्या से फैली सनसनी, बेटे पर भी किए वार, आरोपी पुलिस हिरासत में

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में अधेड़ ने कुल्हाड़ी से काटकर महिला की हत्या।

उन्नाव के सफीपुर में अधेड़ ने महिला को कुल्हाड़ी से काट डाला। आरोपी ने बचाने आए बेटे पर भी वार कर घायल कर दिया। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा में भोरपहर घर में घुसकर अधेड़ ने कुल्हाड़ी से हमला कर महिला की हत्या कर दी। मां को बचाने पहुंचा 10 वर्षीय पुत्र भी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है।

बता दें कि सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के कस्बा क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला बाकरगंज में रविवार भोरपहर अनिल तेली पुत्र बाबूलाल मौका पाकर रामसिंह के घर घुस गया और उसकी पत्नी रिंकी पर कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मां को बचाने पहुंचा 10 वर्षीय पुत्र तरुण भी घायल हो गया। चीख सुन आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और आरोपी को मौके पर पकड़ लिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। मृतका के पति ने बताया कि उसकी पत्नी रिंकी को अनिल बहला फुसला कर दो वर्ष पहले अपने साथ लेकर चला गया था। एक माह पहले रिंकी पुत्र तरुण के साथ वापस आ गई। तभी से अनिल रिंकी पर साथ रहने का दबाव बना रहा था और वह अनिल के साथ जाने से इंकार कर रही थी। जिससे अनिल उसे आए दिन परेशान कर रहा था।

मृतका के तीन बच्चो में बड़ी बेटी अंशी (22) का विवाह हो गया है। पुत्र तनुज (18)  मुंबई में रहकर नौकरी करता है और 10 वर्षीय तरुण मृतका रिंकी के साथ रह रहा था।कोतवाल श्याम नारायण सिंह ने बताया कि महिला की हत्या प्रेम प्रसंग से जुड़ी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर जांच की जा रही है ।

संबंधित समाचार