प्रयागराज में बोले ब्रजेश पाठक - G20 सम्मेलन में अफ्रीकन यूनियन का शामिल होना बड़ी उपलब्धि 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। अपने दौरे पर रविवार को डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक यहां पहुंचे। डिप्टी सीएम ने स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और सम्बंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश भी दिए। पत्रकारों से बातचीत में ब्रजेश पाठक ने पीएम मोदी के जी-20 देशों के समूह में अफ्रीकन यूनियन को शामिल कराने को भारत के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भारत देश दुनिया में भारत माता का झंडा लहराने में सफल हुआ है। वहीं अखिलेश यादव के जी-20 को घोसी उपचुनाव से जोड़ने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब जानती है। 

दौरे पर पहुंचे डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने भगवतपुर में नवनिर्मित सरदार वल्लभभाई पटेल 100 बेड के अस्पताल का डीएम और सीएमओ के साथ निरीक्षण किया। अस्पताल के निरीक्षण के बाद डिप्टी सीएम ने कहा कि 2019 के कुंभ मेले के संसाधनों से यह अस्पताल तैयार हुआ है। उन्होंने कहा कि अभी अस्पताल में रेन प्रूफिंग का काम चल रहा है। जिसके बाद तमाम उपकरणों को इंस्टॉल करा दिया जाएगा। उन्होंने बताया है कि यहां पर 16 डॉक्टरों की तैनाती कर दी गई है। अस्पताल को सभी अनुमन्य उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। अभी यहां पर ओपीडी की सुविधा मरीजों को मिल रही है। डिप्टी सीएम ने दावा किया है कि 10 दिन के अंदर मरीजों को अस्पताल में सभी सुविधाएं मिलने लगेंगी। डिप्टी सीएम ने डीएम नवनीत सिंह चहल को अपनी देख-रेख में अस्पताल का सभी काम पूरा करने का निर्देश दिया है। उन्होंने आस पास के गांवों में भी अस्पताल का प्रचार प्रसार करने का भी निर्देश दिया है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि अस्पताल का पूरी तरह से संचालन शुरू होने के बाद यहां के मरीजों को इलाज के लिए शहर नहीं जाना पड़ेगा।

डिप्टी सीएम ने प्रदेश में डेंगू के बढ़ रहे प्रकोप को लेकर कहा कि सरकार हर साल संचारी रोग अभियान चलाती है। उन्होंने कहा है कि डेंगू को लेकर अभी कोई पैनिक स्थिति नहीं है। लेकिन स्वास्थ्य महकमा सतर्कता के साथ काम कर रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा है कि मरीजो को उच्च कोटि का इलाज उपलब्ध कराएंगे। अस्पतालों में सभी दवाइयां उपलब्ध हैं। इसके साथ ही प्लेटलेट्स का भी पूरा इंतजाम मौजूद है। स्वास्थ्य विभाग डेंगू के मरीजों की पहचान कर रहा है। इसके लिए जांच का भी दायरा बढ़ाया गया है।

ये भी पढ़ें -अमेठी में बारिश के दौरान गिरा कच्चा मकान, बुजुर्ग की मौत

संबंधित समाचार