Kanpur News: युवक लापता, छोटे भाई पर हत्या का शक, ग्रामीण बोले- इसी ने कुल्हाड़ी से काटकर गंगा में फेंका
कानपुर में युवक लापता हो गया।
कानपुर के बिल्हौर में युवक लापता हो गया। ग्रामीणों ने मृतक के छोटे भाई पर हत्या करने के बाद शव को गंगा में फेंकने की आशंका जताई है। हालांकि पुलिस ने मामले में जांच पड़ताल शुरू की।
कानपुर, अमृत विचार। शनिवार देर रात बिल्हौर कोतवाली क्षेत्र के नानामऊ गांव में रिश्तों को कलंकित करने की सनसनीखेज घटना सामने आई। एक मां की कोख से जन्मे दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या करने के बाद शव को गंगा में बहा दिया। पुलिस ने फोरेंसिक और डॉग स्कवॉयड की मदद से घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने गंगा में शव की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका था। पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शनिवार देर रात नानामऊ गांव निवासी कल्लू (35) की उसके छोटे भाई भूरा ने नशेबाजी को लेकर कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। रविवार सुबह जब मौके पर खून के निशान मिले तो ग्रामीणों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। जांच करने पहुंचे एसीपी बिल्हौर आईपी सिंह व थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने छानबीन करने के बाद शव की आसपास क्षेत्र के साथ गंगा में तलाश की पर शव नहीं मिल सका।
ग्रामीणों ने बताया कि बड़ा भाई कल्लू अविवाहित था जबकि हत्यारोपी भूरा का विवाह हो गया था। पुलिस ने बताया कि भूरा की पत्नी मायके गई थी। शनिवार देर रात दोनों ने जमकर शराब पी और इसके बाद नशेबाजी में हुई मारपीट के दौरान भूरा ने बड़े भाई कल्लू को कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी।
डीसीपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर की पूछताछ
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी पश्चिम विजय ढुल ने घटना की जानकारी थाना प्रभारी व स्थानीय ग्रामीणों से की। उन्होंने आरोपी भाई से भी सवाल जवाब किए। शव को गंगा में ढूंढने के लिए प्राइवेट गोताखोर के साथ स्थानीय मछुआरों की भी मदद ली जा रही है। पीएसी टुकड़ी भी गंगा में उतारी गई है।
छोटे भाई की नशेबाजी से आजिज था बड़ा भाई
दोनों भाई गंगा के तट पर घर बनाकर रहते थे। मछली पकड़कर बाजार मे बेच कर परिवार का भरण पोषण करते थे। छोटे भाई की नशेबाजी के कारण अक्सर दोनो भाइयों मे झगड़ा होता था। शनिवार को दोनों के शराब पीने की जानकारी स्थानीय लोगो ने पुलिस को दी। ज्यादा शराब न पीने की नसीहत बड़ा भाई दे रहा था इसी दौरान छोटे भाई ने गाली गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद दोनों मे जमकर मारपीट हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर दी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि छोटे भाई ने हत्या की बात अभी तक नहीं कबूली है।
