जसपुर: नादेही चीनी मिल के पास बना फीका नदी का तटबंध टूट जाने से बाढ़ जैसी स्थिति
जसपुर, अमृत विचार। लगातार हुई वर्षा से जल स्तर बढ़ जाने से नादेही चीनी मिल के पास बना फीका नदी का तटबंध टूट गया और बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई । जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया ।
क्षेत्र में शनिवार से लगातार वर्षा होती रही है। जिसने रविवार को दूसरे दिन सांय 5 बजे तक पल भर के लिए रुकने का नाम नहीं लिया। लगातार वर्षा होने के कारण आसपास की नदियों का जल स्तर काफी बढ़ गया। गांव राजपुर व नादेही चीनी मिल के पास से गुजरने वाली फीका नदी का जल स्तर काफी बढ़ गया।
जो रविवार को खतरे के निशान से ऊपर बह रही थी। जल स्तर बढ़ जाने के कारण नदी के किनारे बसे गांव राजपुर व उसके पास स्थित नादेही चीनी मिल के पास बना फीका नदी का तटबंध टूट गया। जिससे बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई और नादेही चीनी मिल कालोनी बसे व राजपुर गांव के लोगों में हड़कंप मच गया।
गनीमत रही कि कि तटबंध टूटने पर नदी का पानी नदी के किनारे बने नाले ने कवर कर लिया । जिससे नदी का पानी नादेही चीनी मिल परिसर कालोनी व गांव राजपुर में नहीं घुस पाया। वरना चीनी मिल परिसर व गांव राजपुर दोनों डूब जाते।
तटबंध टूटने की सूचना मिलने पर तहसीलदार शुभांगनी रजिस्ट्रार कानूनगो रवीश मोहन के साथ तत्काल मौके पर पहुंची और उन्होंने मौका मुआयना किया। उन्होंने स्थिति की गम्भीरता को देखते हुए मोबाइल से सिंचाई राजस्व विभाग के अधिकारियों को स्थिति से अवगत कराया और टूटे हुए तटबंध को ठीक करने के निर्देश दिए। जिस पर सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उसने तटबंध को ठीक करने का कार्य शुरू किया । समाचार लिखे जाने तक कार्य जारी था। इधर नादेही चीनी मिल के जीएम विवेक प्रकाश ने बताया कि मिल प्रशासन भी सिंचाई विभाग की टीम का सहयोग कर रहा है ।
