कानपुर : चकेरी में बीज कारोबारी के घर 20 लाख की चोरी 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर, अमृत विचार। चकेरी थानाक्षेत्र में पिछले एक माह में चोरों ने पुलिस की नींद उड़ाकर रखी है। एक माह के भीतर शातिरों ने तकरीबन डेढ़ दर्जन से ज्यादा चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। मजे की बात तो यह है, कि इन घटनाओं में से एक का भी पुलिस खुलासा नहीं कर सकी है। शनिवार देर रात शातिर चोरों ने श्याम नगर में बीज कारोबारी के बंद पड़े मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात समेत 20 लाख का माल पार कर दिया। जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच शुरू की। 

श्याम नगर सी ब्लॉक के रहने वाले विपिन सैनी फजलगंज स्थित एक लेदर फैक्टरी में मैनेजर हैं। उनका बीज और केमिकल का भी कारोबार है। उन्होंने बताया कि आठ सितंबर को उनके रिश्तेदार की मौत हो गई थी। इससे वह परिवार के साथ फूलबाग स्थित पैतृक घर गए थे। शनिवार रात को उन्होंने मोबाइल पर घर की रिकॉर्डिंग देखने का प्रयास किया तो कुछ दिखाई नहीं पड़ा। अनहोनी की आशंका पर वह रविवार घर पहुंचे, यहां सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी के लॉकर टूटे थे, जिससे बाद उन्होंने पुलिस की सूचना दी। पुलिस से उन्होंने बताया के चोर घर से पांच लाख रुपये नगद और करीब 15 लाख के जेवरात ले गए हैं। बताया कि वारदात के बाद आरोपी घर से डीवीआर तक उठा ले गए हैं। इस संबंध में थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर चोरो की तलाश की जा रही है।

चकेरी क्षेत्र के कई इलाकों और व्यापारियों की दुकानों को चोर पिछले एक माह से लगातार निशान बना रहे हैं। पुलिस की लचर कार्यशैली के चलते घटनाओं का खुलासा न हो पाने के कारण व्यापारी दो बार चकेरी में पुलिस के खिलाफ धरना प्रदर्शन तक कर चुके हैं। पेंडिंग चोरियों के खुलासे न होने के कारण पुलिस कमिश्नर डॉ आर के स्वर्णकार ने फटकार भी लगाई थी। लेकिन इसके बाद भी मामलों से पर्दा नहीं उठ सका है।

यह भी पढ़ें : बहराइच : सांप के मुंह में नशेड़ी ने डाल दी उंगली, देखें वीडियो

संबंधित समाचार