कानपुर : किशोर पर धर्मांतरण का दबाव, धर्मस्थल में हंगामा
कानपुर, अमृत विचार। रविवार को कानपुर कमिश्नरेट में एक बार फिर धर्मांतरण का मामला सामने आया है। स्वरूपनगर थानाक्षेत्र स्थित चर्च में किशोर पर धर्मांतरण का दबाव बनाने का आरोप लगाकर बजरंगदल कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने पादरी समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है।
बेनाझाबर निवासी 17 वर्षीय किशोर ने पुलिस को बताया कि रविवार सुबह स्वरूपनगर स्थित चाय के होटल गया था। वहां एक युवक ने धर्मांतरण की बात की और 50 हजार, नौकरी, शादी और घर दिलवाने का लालच दिया। किशोर से धर्म बदलने पर सब कुछ मिल जाने की बात कही गई। आरोप लगाया कि केवल रुपये ही नहीं, नौकरी और घर भी दिलाने की बात कही गई। कहा अगर घर में किसी की शादी है, या परिवार में कोई बीमार है या फिर पढ़ने वाले बच्चे हैं, तो उनकी पढ़ाई का खर्च भी उठाया जाएगा। किशोर ने बजरंग दल के लोगों को सूचना दे दी तो बजरंग दल के संयोजक कृष्णा तिवारी के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता स्वरूपनगर स्थित इमैनुअल पेन्टेकॉस्टल चर्च पहुंचे और धर्मांतरण कराने का आरोप लगाकर हंगामा किया। कृष्णा तिवारी ने शहर में पूर्व में तैनात रहे एक प्रशासनिक अफसर पर गंभीर आरोप लगाए। स्वरूपनगर पुलिस ने चर्च के अमित डेविड, आनंद डेनियल और पादरी समेत अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस को मौके से धार्मिक साहित्य और कुछ दस्तावेज मिले हैं।
एक आईएएस अधिकारी का फोन आता रहा
किशोर ने पुलिस को बताया कि उससे लोगों को प्रार्थना सभा में शामिल कराने के लिए कहा गया। इसके लिए कमीशन देने की बात कही गई। किशोर ने बताया कि उसने इंकार किया तो आरोपी व्यक्ति ने उसे घर ले चलने की बात कही। पुलिस सूत्र बताते हैं कि इस मामले में पुलिस के पास एक आईएएस अधिकारी के फोन भी लगातार आने लगा। ये भी बताया गया कि इस चर्च को बनाने में इन्हीं अधिकारी का योगदान रहा है।
आरोपों से इंकार, सीसीटीवी फुटेज से करा लें जांच
चर्च के सदस्य अमित डेविड ने बताया, रोज की तरह ही रविवार को भी चर्च में प्रार्थना सभा चल रही थी। उनका चर्च 62 वर्ष पुराना है। धर्मांतरण और प्रलोभन देने की बात कभी किसी से भी नहीं की गई है। अगर किसी को कोई संदेह है तो सीसीटीवी फुटेज से मामले की जांच कर सकता है।
घाटमपुर से फैला धर्मांतरण स्वरूप नगर पहुंच गया
घाटमपुर से शुरू हुआ धर्मांतरण का गंदा खेल चकेरी, श्याम नगर, कोहना, नवाबगंज, रावतपुर से होता हुआ स्वरूप नगर तक पहुंच गया है। लेकिन पुलिस केवल हाथ पर हाथ धर कर बैठी है।
वर्जन
इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
संजय सिंह, एसीपी स्वरूपनगर
यह भी पढ़ें : काशी के पारंपरिक हस्तशिल्प और आधुनिक उत्पाद यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में बिखेरेंगे जलवा
