नाइजीरिया में दर्दनाक हादसा : नाव पलटने से 26 लोगों की मौत, 44 लापता
अबुजा। नाइजीरिया में मध्य नाइजर प्रांत के मोकवा क्षेत्र में नाव पलटने से 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि लगभग 44 लोग अभी भी लापता हैं। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना रविवार को मोकवा स्थानीय सरकारी क्षेत्र के गबाजीबो वार्ड में जब्बा और कैंजी बांधों के बीच हुई।
नाइजर प्रांत की आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी (एनएसईएमए) के प्रवक्ता इब्राहिम हुसैनी ने बताया कि नाव पर 100 से अधिक लोग सवार थे जो नाइजर नदी (पुरानी गबाजिबो) के दूसरी ओर अपने खेतों की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि एजेंसी घटना स्थल पर खोज और बचाव अभियान चलाने के लिए मोकवा स्थानीय सरकारी अधिकारियों और स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर काम कर रही है। उन्होंने कहा, ''अब तक 26 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 30 से अधिक लोगों को बचाया गया है। बचाव अभियान जारी है। बताया जाता है कि घटना के समय नाव पर 100 से अधिक लोग सवार थे।
पाकिस्तान में बस पलटने से छह लोगों की मौत, 57 घायल
उधर, पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में रविवार को एक बस के पलट जाने से कम से कम छह लोगों की मौत हो गई और 57 अन्य घायल हो गए। बचाव सेवा ने यह जानकारी दी है। पुलिस ने मीडिया को बताया कि यह दुर्घटना शेखूपुरा जिले में एक मोटरवे इंटरचेंज के पास हुई। बस तेज गति और ओवरलोडिंग के कारण पलट गई थी। पुलिस और बचावकर्मी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। बचाव सेवा ने कहा कि गंभीर रूप से घायल 37 लोगों को बाद में इलाज के लिए दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया। बस में ईसाई तीर्थयात्री सवार थे जो एक धार्मिक सभा में शामिल होने जा रहे थे।
पाकिस्तान में सुरक्षा बलों ने सात आतंकवादियों को मार गिराया
वहीं पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई झड़प में कम से कम सात आतंकवादी मारे गए और छह अन्य घायल हो गए है। सेना ने रविवार को यह जानकारी दी। सेना की मीडिया विंग इंटर-सर्विसेज पब्लिक रिलेशंस (आईएसपीआर) ने एक बयान में कहा, शनिवार को चित्राल जिले के उर्सून इलाके में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी हुई। बयान में कहा गया है कि वहां पाए गए किसी भी अन्य आतंकवादी को खत्म करने के लिए क्षेत्र की सफाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें : China : इंजन में आग लगने के बाद विमान के केबिन में भरा धुआं, नौ यात्रियों की तबीयत बिगड़ी
