लखीमपुर-खीरी: बंधे के अंदर बसे 19 गांवों पर मंडराया बाढ़ का संकट
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सदर तहसील क्षेत्र के ब्लॉक फूलबेहड़ में बंधे के अंदर बसे 19 गांवों पर बाढ़ का संकट गहरा गया है, जिससे हजारों की आबादी प्रभावित होगी। इन गांवों को डूब क्षेत्र घोषित किए जाने के कारण सिंचाई विभाग द्वारा इस वर्ष बाढ़-कटान को रोकने के लिए कोई बचाव कार्य भी नहीं कराए गए हैं। इससे तहसील प्रशासन ने बंधे के अंदर बसे गांवों के लोगों को अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही तहसील प्रशासन ने राहत बचाव के लिए टीमें लगाई हैं।
बता दें कि फूलबेहड़ ब्लॉक क्षेत्र में शारदा नदी पर बने बंधे के अंदर बसे गांव धोबिया, जंगल नंबर 10, अहिराना, मानपुर करदहिया, ग्रंट नंबर 12, पकरियापुरवा, बेचनपुरवा समेत 19 गांव हैं। यह गांव प्रति वर्ष बारिश सीजन में बाढ़-कटान की जद में आते हैं, लेकिन अब बंधे के अंदर बसे इन गांवों को जिला प्रशासन द्वारा डूब क्षेत्र घोषित किया जा चुका है। इससे सिंचाई विभाग द्वारा डूब क्षेत्र में बाढ़-कटान को रोकने के लिए कोई कार्य भी नहीं कराए गए हैं।
लिहाजा ग्रामीणों के सामने बड़ा संकट मुंह बाए खड़ा है। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं, जिससे लोगों की धड़कने बढ़ गई हैं। बनबसा बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण बंधे के अंदर बसे गांवों में लगातर बाढ़ का पानी भरता जा रहा है।
सोमवार से मंगलवार तक बनबसा बैराज से और पानी छोड़े जाने की संभावना जताई गई है। इससे ग्रामीणों को बचाव के लिए अलर्ट जारी किया गया है। एडीएम संजय कुमार सिंह ने बताया कि बाढ़ की स्थिति अभी नियंत्रण में है। बनबसा बैराज से और पानी छोड़े जाने की सूचना मिली है, जिससे बंधे के अंदर बसे गांवों में पानी बढ़ेगा। लोगों को बचाव के लिए जरूरी उपाय समय से करने के लिए चेतावनी जारी की गई है। किसी भी तरह की स्थिति से निपटने के लिए तहसील प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, जो दिन रात हालातों पर नजर बनाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: जिला बदर अपराधी 900 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार
