बरेली: उत्तरायणी जन कल्याण समिति में फिर मचा चुनाव का शोर
बरेली, अमृत विचार। उत्तरायणी जन कल्याण समिति की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल सितंबर में पूरा हो रहा है। इसलिए आजीवन सदस्यों के साथ कुछ पूर्व और वर्तमान पदाधिकारियों ने अभी से चुनाव कराने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया है। पर्वतीय समाज के वरिष्ठजन और समिति के कुछ पदाधिकारी पिछले चुनाव के बाद शुरू हुई गुटबाजी को समाप्त कराने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन अभी से जोर आजमाइश शुरू हो गई है।
बड़ी संख्या में समिति से जुड़े लोगों ने चुनाव कराने के लिए सहायक रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज तथा चिट्स से लिखित शिकायत कर दी। लिखित शिकायत का संज्ञान लेते हुए सहायक रजिस्ट्रार नीरज यादवेंद्र पाठक ने उत्तराखंड जन कल्याण समिति के अध्यक्ष प्रमोद पाठक, महामंत्री दिनेश चंद्र पंत को पंजीकृत संविधान के अनुसार एक महीने में समिति का चुनाव कराकर कार्यालय में सूचना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
17 सितंबर 2021 में हुए चुनाव से दो गुटों में बंट गए थे पदाधिकारी
करीब 29 साल पुरानी उत्तरायणी जन कल्याण समिति की कार्यकारिणी का 17 सितंबर 2021 को पहली बार चुनाव कराया गया था। इससे चुनाव कराने को लेकर पदाधिकारी दो गुटों में बंट गए थे। पदाधिकारियों में ऐसी गुटबाजी देखने को मिली कि कई महीने तक समिति के खाते भी सीज रहे थे। इस कारण 2022 में मेला नहीं लग पाया था और कई पूर्व पदाधिकारियों को जांच का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी पदाधिकारियों में खींचतान जारी रही। इसका असर समिति की साख पर खूब पड़ा है। अपनी साख बरकरार रखने के लिए वर्तमान पदाधिकारी चुनाव न कराकर आपसी सहमति से पदाधिकारियों की घोषणा कराने की रणनीति पर काम कर रहे हैं।
कार्यकाल बढ़ाने की चर्चा... लेकिन सहमति न होने पर समन्वय समिति बनी
उत्तरायणी जन कल्याण समिति की कार्यकारिणी के अध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, महामंत्री दिनेश चंद्र पंत समेत समस्त पदाधिकारियों के साथ समाज के वरिष्ठजन, पूर्व पदाधिकारियों की मौजूदगी में शनिवार को हाईडिल गेस्ट हाउस में आम सभा बुलाई गई थी। जिसमें दो साल का ब्योरा भी प्रस्तुत किया गया। वरिष्ठ पदाधिकारियों ने दो साल में समिति में हुई गुटबाजी का मामला भी जोरशोर से उठाया था।
सूत्रों के अनुसार बैठक में पदाधिकारियों समेत करीब 45 से अधिक समाज के लोग उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में पहले कुछ लोगों ने वर्तमान कार्यकारिणी के कार्यकाल को आगे बढ़ाने की चर्चा चलाई लेकिन उस पर अधिकतर लोग चर्चा करने के लिए तैयार नहीं थे। तब सर्वसम्मति से कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने समन्वय समिति का गठन किया। यह समिति पर्वतीय समाज के लोगों से बात करेगी ताकि चुनाव कराने की नौबत न आए।
समन्वय समिति ये पदाधिकारी व वरिष्ठजन शामिल
समन्वय समिति में अध्यक्ष प्रमोद बिष्ट, महामंत्री दिनेश चंद्र के अलावा वरिष्ठजनों में डीडी बेलवाल, सुमनदेव कुकरेती, महेंद्र सिंह नेगी, मनोज कांडपाल, मुकुल भट्ट्र, देवेंद्र जोशी और अंबादत्त मठपाल शामिल किए किए हैं। ये सभी लोग चुनाव लड़ने की तैयारी में जुटे लोगों से बात करें और आपसी सहमति से पदाधिकारियों की घोषणा कराने पर जोर देंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: लगातार बारिश से उफनाई नदियों ने शुरू की तबाही, किसानों की फसलें नदी में समाईं
