बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय परिसर में खुलेगा मेडिकल कॉलेज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

चिकित्सा संकाय गठित कर मेडिकल और पैरामेडिकल पाठ्यक्रमों की शुरू की जाएगी पढ़ाई

बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय के परिसर में मेडिकल, पैरामेडिकल और बायोमेडिकल पाठ्यक्रम शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए चिकित्सा संकाय का गठन कर परिसर में मेडिकल कॉलेज के साथ शुरुआत में सौ बेड का अस्पताल तैयार करने का प्रस्ताव है। सोमवार को कार्य परिषद की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई।

कार्य परिषद ने चिकित्सा संकाय में मेडिकल, पैरामेडिकल और बायोमेडिकल के एमबीबीएस, एमएस, एमडी, एएनम, जीएनएम समेत कई पाठ्यक्रम शुरू करने पर सहमति दी है। कुलपति प्रो. केपी सिंह की अध्यक्षता में प्रस्ताव पारित होने के बाद मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए अगले चरण में भवन, बोर्ड ऑफ स्टडीज के गठन और शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद यह प्रस्ताव मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया को भेजा जाएगा।

बरेली मंडल के एकमात्र राजकीय विश्वविद्यालय में यह पहला मेडिकल कॉलेज होगा जो आसपास के जिलों के छात्रों को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर देने के साथ निजी मेडिकल कॉलेजों की महंगी फीस से निजात दिलाएगा। विश्वविद्यालय की इसके बाद भविष्य में पैरामेडिकल कॉलेज स्थापित करने की भी योजना है जिसमें बड़ी संख्या में शिक्षकों और कर्मचारियों पदों पर रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। फिलहाल जिले में कोई राजकीय मेडिकल कॉलेज नहीं है। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने बताया कि कार्य परिषद में प्रस्ताव पारित होने के साथ आगे की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के लिए समितियों का भी गठन कर दिया गया है।

ये भी पढ़ें- बरेली: कृषि संकाय के साथ अब अमेरिका के विश्वविद्यालय से भी एमबीए

संबंधित समाचार