अयोध्या: मिष्ठान प्रतिष्ठान के कर्मी की करंट से मौत
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के शहर क्षेत्र स्थित चौक के चर्चित मिष्ठान भंडार के कारखाने में काम करने वाले एक कर्मी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। बताया गया कि मूल रूप से हरदोई जनपद के थाना कछौना स्थित बहरिया गांव निवासी एक 23 वर्षीय …
अयोध्या, अमृत विचार। जनपद के शहर क्षेत्र स्थित चौक के चर्चित मिष्ठान भंडार के कारखाने में काम करने वाले एक कर्मी की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
बताया गया कि मूल रूप से हरदोई जनपद के थाना कछौना स्थित बहरिया गांव निवासी एक 23 वर्षीय पवन पाल पुत्र राजेन्द्र पाल मिष्ठान प्रतिष्ठान के कारखाने में सहायक के रूप में कार्य करता था। वह यहां लगभग डेढ़-दो वर्ष से काम कर रहा था। शुक्रवार की शाम काम करने की दौरान ही वह कारखाने में ही करंट की चपेट में आ गया।
सहकर्मियों ने तत्काल उसको जिला अस्पताल पहुंचाया तो इमरजेंसी ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के लिए मेमो पुलिस को भेज दिया। पुलिस की ओर से सूचना दिए जाने के बाद मृतक के परिजन अयोध्या पहुंच गए। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद कार्रवाई के लिए लिखित शिकायत देने की बात कही है।
वहीं भारत की जनवादी नौजवान सभा के प्रदेश महासचिव कामरेड सत्यभान सिंह जनवादी ने कहा कि प्रतिष्ठान संचालक जगदीश चंदानी प्रशासन की मिलीभगत से मामले से पल्ला झाड़ने की फिराक में है।
पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और न्याय नहीं मिला तो संगठन आंदोलन करेगा। पोस्टमार्टम हाउस पहुंच ढाढस बढाने वालों में जिलाध्यक्ष धीरज द्विवेदी, कोषाध्यक्ष शिवकुमार श्रीवास्तव पल्लन मौजुद रहे।
