गोंडा: मुठभेड़ में गोली लगने के बाद हत्यारोपी ''लादेन'' को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में दो दिन पहले चेहल्लुम मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या करने वाले हत्यारोपी अली हुसैन उर्फ "लादेन" को पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लादेन के पैर में गोली लगी है और उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

कोतवाली देहात के थाना क्षेत्र के खोरहंसा बाजार का रहने वाला साकिब अपने मामा इसरार खान व टेपरा गांव के रहने वाले एक अन्य रिश्तेदार तस्लीम के साथ सोमवार को फिरोजपुर गांव में चेहल्लुम  मेला देखने गया था। प्रत्यक्षदर्शी इसरार खान के मुताबिक मेले में दौलतपुर गांव के रहने वाले अली हुसैन उर्फ लादेन नाम के सिरफिरे ने मामूली कहासुनी को लेकर साकिब की चाकू मारकर हत्या कर दी थी।

साकिब को बचाने दौड़े तस्लीम को भी आरोपी ने चाकू मारकर घायल कर दिया था। वारदात के बाद वह फरार हो गया था। मामले में अली हुसैन उर्फ लादेन के खिलाफ देहात कोतवाली में हत्या व जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने देहात कोतवाली पुलिस को हत्या रूपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।

अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि बुधवार को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि हत्यरोपी लादेन कलंदरपुर गांव के समीप मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने कलंदरपुर गांव के मोड़ पर मुन्ना ईंट भट्ठे के निकट घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो हत्यारोपी लादेन पैर में गोली लगने से घायल हो गया। मुठभेड़ के बाद लादेन को बुधवार गिरफ्तार कर लिया गया।

उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है। आरोपी लादेन को पकड़ने वाली पुलिस टीम में कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह, अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक शिवानंद प्रसाद, वरिष्ठ उप निरीक्षक खुश मोहम्मद, उप निरीक्षक नागेश्वर नाथ पटेल व राम आशीष मौर्य शामिल रहे। 

हत्याकांड का दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार
अमृत विचार: साकिब हत्याकांड के मुख्य आरोपी लादेन को पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने बुधवार की शाम होते होते वारदात‌ में शामिल दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के फिरोजपुर गांव में दो दिन पहले साकिब नाम के युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी।

इस मामले में बुधवार के सुबह पुलिस मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने हत्या के मुख्य आरोपी अली हुसैन उर्फ लादेन को गिरफ्तार किया था, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश की जा रही थी। देर शाम दूसरे आरोपी रिजवान निवासी फिरोजपुर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

यह भी पढ़ें:-हापुड़ लाठीचार्ज मामला: यूपी में वकीलों का आंदोलन जारी, आज भी रहे न्यायिक कार्यों से दूर

संबंधित समाचार