प्रियंका गांधी ने PM को लिखा पत्र, की हिमाचल तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का आग्रह

Amrit Vichar Network
Published By Om Parkash chaubey
On

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आग्रह किया कि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन के कारण हुई तबाही को 2013 की केदारनाथ त्रासदी की तरह राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से प्रदेश के लोगों को राहत मिल सकेगी और राज्य का समुचित ढंग से पुनर्निर्माण किया जा सकेगा।

ये भी पढ़ें - केरल: निपाह वायरस के मामले सामने आने पर कर्नाटक सरकार ने किये दिशानिर्देश जारी 

हाल ही में हिमाचल प्रदेश का दौरा करने वाली प्रियंका गांधी ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री हिमाचल की जनता के प्रति संवेदनशीलता रखते हुए मदद के लिए उचित कदम उठाएंगे। उन्होंने पत्र में कहा, "हिमाचल की स्त्रियां, किसान, कर्मचारी, कारोबारी और युवा बहुत परिश्रमी और स्वाभिमानी हैं। आज की तारीख में वही लोग अभूतपूर्व संकट का सामना कर रहे हैं। राज्य में आई बाढ़ और भूस्खलन से भीषण विनाश हुआ है।"

उनके अनुसार, "पिछले दिनों मैं शिमला, कुल्लू, मनाली और मंडी में आपदा पीड़ितों से मिली। हर तरफ हुई तबाही देखकर बहुत दुःख हुआ। अब तक इस आपदा में 428 लोगों ने जान गंवाई है। कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने अपने सभी परिजन इस आपदा में खो दिए।" प्रियंका गांधी ने कहा कि इस तबाही से निपटने के लिए राज्य सरकार अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा, "मैंने हिमाचल की जनता को राज्य सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संकट का सामना करते हुए देखा। कहीं कोई सड़क की मरम्मत के लिए श्रमदान में जुटा है तो कहीं आपदा प्रभावित लोग, स्कूली बच्चे, किसान आपस में चंदा जुटाकर राहत कार्यक्रमों में मदद कर रहे हैं। एकजुटता की इस भावना से मैं बहुत प्रभावित हुई। इसी भावना के साथ मैं आपको यह पत्र लिख रही हूं।"

कांग्रेस महासचिव के अनुसार, इस त्रासदी में जब हिमाचल की जनता मदद की उम्मीद में चारों ओर देख रही है, उसी समय केंद्र सरकार द्वारा विदेशी सेब पर आयात ड्यूटी घटाने से हिमाचल के सेब किसानों और बागबानों पर दोहरी आर्थिक मार पड़ेगी। उन्होंने कहा, "मेरी समझ में, इस मुश्किल वक्त में किसानों को ऐसी चोट नहीं देनी चाहिए बल्कि केंद्र सरकार की ओर से हिमाचल के किसानों को किसी भी तरह की आर्थिक मदद मिल पाये तो उन्हें सहूलियत मिलेगी।"

प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया, "इस आपदा को 2013 की केदारनाथ त्रासदी की तरह राष्ट्रीय आपदा घोषित किया जाये और पीड़ितों व राज्य को आर्थिक मदद पहुंचाई जाये ताकि हिमाचल के भाई-बहनों को राहत मिले और राज्य का समुचित ढंग से पुनर्निर्माण किया जा सके।" प्रियंका गांधी ने 12 एवं 13 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मनाली, मंडी और शिमला जिलों में आपदा से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था और आपदा पीड़ितों से मुलाकात की थी।

ये भी पढ़ें - बिहार: शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के विवादित बोल, की रामचरितमानस की पोटेशियम साइनाइड’ से तुलना

संबंधित समाचार