अयोध्या: अविवि प्रशासन ने शुरू की दीपोत्सव की तैयारी, 25 हजार वालंटियर्स जलाएंगें 21 लाख दिये
मुख्य नियंता के बजाए प्रो. संतशरण बने नोडल अधिकारी
अयोध्या, अमृत विचार। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय प्रशासन ने दीपोत्सव को भव्य बनाने के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। आगामी 11 नवम्बर को होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने रूपरेखा पर कार्य करना प्रारम्भ कर दिया है। कुलपति प्रो प्रतिभा गोयल ने विश्वविद्यालय के गणित एवं सांख्यिकी विभाग के प्रो संत शरण मिश्र को दीपोत्सव नोडल अधिकारी नामित किया है।
प्रदेश सरकार द्वारा अयोध्या की राम की पैड़ी पर 21 लाख दीए जलाने का लक्ष्य दिया गया है। इसके लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा 25 हजार वालंटियर्स तैनात करने की योजना है। दीपोत्सव को भव्य रूप देने के लिए समितियां बनाई जा रही है। शीघ्र ही समिति के संयोजक एवं सदस्यों को दायित्वों से लैश करा दिया जायेगा। बता दें कि गत वर्ष मुख्य नियंता डॉ प्रो अजय प्रताप सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया था।
ये भी पढ़ें -लखनऊ रेलवे क्वार्टर हादसा : 100 से अधिक मकान जर्जर, लोग बोले - विभागीय लापरवाही ने ली परिवार की जान
