बरेली: उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल को मिला ‘बल’
बरेली, अमृत विचार। कोविड काल में आखिरकार उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल को ‘बल’ मिल गया। जनपदों की कानून व्यवस्था में भी सुधार आएगा। सरकार ने यूपीएसएसएफ अधिनियम 2020 को लागू करने के साथ इसकी संरचना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। यह बल किसी निकाय, किसी व्यक्ति या राज्य सरकार द्वारा किसी नाम, …
बरेली, अमृत विचार। कोविड काल में आखिरकार उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल को ‘बल’ मिल गया। जनपदों की कानून व्यवस्था में भी सुधार आएगा। सरकार ने यूपीएसएसएफ अधिनियम 2020 को लागू करने के साथ इसकी संरचना बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
यह बल किसी निकाय, किसी व्यक्ति या राज्य सरकार द्वारा किसी नाम, नामावली या उनके आवासीय परिसर, उच्च न्यायालय इलाहाबाद, लखनऊ खंडपीठ, जिला न्यायालयों, राज्य सरकार द्वारा यथा अधिसूचित किसी अन्य न्यायालय, महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, औद्योगिक उपक्रमों, पूजा स्थलों, प्रशासनिक परिसनों, मैट्रो, हवाई अड्डों, बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थाओं की संरक्षा और सुरक्षा का दायित्व संभालेगा।
संरचना के पहले चरण में पुलिस भर्ती की तर्ज पर पांच वाहिनियां गठित होंगी। पुलिस महानिदेशक को बल गठन की कार्यवाही शुरू करने को निर्देश दिए जा चुके हैं। पुलिस महकमे से भी ज्यादा शक्तियां प्रदान की गई हैं। जरूरत पर बल का सदस्य मजिस्ट्रेट के आदेश और वारंट के बिना व्यक्ति को गिरफ्तार कर सकता है।
लखनऊ में मुख्यालय बनाने के साथ सरकार की इच्छानुसार जिलों में अधीनस्थ कार्यालय स्थापित किए जाएंगे। बरेली मंडल के जनपदों को भी इसका फायदा मिलेगा। बरेली एयरपोर्ट, परसाखेड़ा में औद्योगिक इकाईयों के साथ प्रतिष्ठित अन्य संस्थानों की सुरक्षा भी हो सकेगी।
31 अगस्त को उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल की (सरकारी गजट) अधिसूचना जारी होने के बाद 11 सितंबर को अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी की ओर से अधिनियम में वर्णित प्राविधानों से अवगत होते हुए पुलिस महानिदेशक को आवश्यक कार्यवाही करने के लिए कहा गया है।
इसलिए किया गया यूपीएसएसएफ का गठन
अधिसूचना में बताया गया है कि विभिन्न स्थलों एवं व्यक्तियों की सुरक्षा करने का कार्य, पुलिस व उत्तर प्रदेश पीएसी बल द्वारा किया जा रहा है। लेकिन ये बल इस कार्य के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित व कुशल नहीं हैं। ऐसी स्थिति में राज्य के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों आदि की सुरक्षा व्यवस्था के प्रयोजन से और जनहित याचिका के दृष्टिगत उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल का गठन किया गया है।
