मुरादाबाद : मंजिल पाने को कंप्यूटर इंजीनियरिंग की राह चुन रहीं बेटियां
राजकीय गर्ल्स पालीटेक्निक में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स कोर्स में छात्राओं का रुझान कम
राजकीय गर्ल्स पाॅलीटेक्निक में छात्राओं को पढ़ातीं मेनका सिंह।
विनोद श्रीवास्तव, अमृत विचार। नेक इरादे और बुलंद हौसले से आज बेटियां अपना भविष्य संवार रही हैं। तकनीकी दक्षता हासिल कर मंजिल पाने को कंप्यूटर इंजीनियरिंग को बेटियां अपना माध्यम चुन रही हैं। राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्टिक में प्रवेश के आंकड़े इसे साबित करते हैं। तीन सत्रों में इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल्स इंजीनियरिंग की बजाय कंप्यूटर इंजीनियरिंग उनकी प्राथमिकता है।
तीन शैक्षणिक सत्र में प्रवेश के लिए जो फार्म भरे गए उसमें सर्वाधिक कंप्यूटर इंजीनियरिंग ट्रेड में रही। 2021-22 में जहां इस ट्रेड को 36 छात्राओं ने चुना, वहीं अगले वर्ष 2022-23 में यह संख्या 81 पर पहुंची। वर्तमान सत्र में अभी तक 60 छात्राओं ने कंप्यूटर इंजीनियरिंग डिप्लोमा में प्रवेश लिया है जबकि, अभी नामांकन चल रहा है। 2021 में कंप्यूटर इंजीनियरिंग में 36, 2022 में 81 और वर्तमान सत्र 2023-24 में अब तक 60 छात्राओं ने प्रवेश लिया है। इलेक्ट्रिकल्स में तो फिर भी गनीमत है लेकिन, इलेक्ट्रानिक्स ट्रेड से डिप्लोमा में उनकी रुचि न के बराबर है।
नौकरी को भटकना नहीं, नामी कंपनियां खुद कर रहीं पहल
राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्निक से अंतिम वर्ष की परीक्षा उत्तीर्ण कर निकलने से पहले ही कैंपस सलेक्शन के लिए नामी कंपनियां खुद पहुंच रही हैं। साक्षात्कार के माध्यम से उन्हें मितुषा, वेराक, मदरसंस, विजन ट्रिक्स जैसी नामी कंपनियों में बेहतर पैकेज पर काम करने का अवसर मिल रहा है। जिससे उनका भविष्य संवर रहा है।

वर्तमान और आने वाला युग तकनीकी दक्षता का है और बिना कंप्यूटर ज्ञान के यह संभव नहीं। इसलिए बेटियां आत्मनिर्भरता के लिए उस ट्रेड को शिक्षा की सीढ़ियां बना रहीं हैं जिसमें अधिक और बेहतर अवसर हो। कंप्यूटर ज्ञान आज तकनीकी ज्ञान का वैश्विक आधार है। इसके जरिए मुट्ठी में दुनिया है। -डॉ. विवेक कुमार श्रीवास्तव, शैक्षिक अधिकारी, राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्निक
लड़कियों के प्रति समाज में सोच बदली है। अब उनकी शिक्षा और कॅरिअर पर स्वयं के अलावा उनके अभिभावक भी गंभीर हैं। उनको आर्थिक, सामाजिक रूप से समर्थ बनाने के लिए जॉब ओरिएंटेड ट्रेड की पढ़ाई पर विशेष फोकस है। राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्निक में कक्षाओं में बेहतर पढ़ाई के साथ कॅरिअर के प्रति भी मार्गदर्शन मिलता है। प्लेसमेंट के लिए उन्हें कैंपस में ही प्रतिष्ठित कंपनियों में काम करने का विकल्प रहता है। -मेनका सिंह, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट अधिकारी, राजकीय गर्ल्स पॉलीटेक्निक
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : रामगंगा की मिट्टी बनाएगी बिजली, स्मार्ट पानी का होगा प्रबंध
