बांदा में पुलिस अभिरक्षा में घायल पर किया हमला, तमंचे लहराते फरार हुए हमलावर
बांदा, अमृत विचार। नाली के पानी के निकासी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस घायल को लेकर अस्पताल जा रही थी। रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने घायल पर फिर से हमला कर दिया। घायल को बचाने में पुलिस और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। बाद में हमलावरों ने हवाई फायरिंग कर दी और तमंचे लहराते हुए भाग निकले।
बिसंडा थाना क्षेत्र के इटवां गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी और शिवकुमार द्विवेदी के मकान अगल-बगल हैं। नाली के पानी के निकासी को लेकर दोनो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। रविवार की सुबह विवाद इतना बढ़ गया कि दोनो पक्षों में संघर्ष हो गया। शिवकुमार पक्ष के लोगों ने अरविंद को मारपीट कर जख्मी कर दिया। सूचना पाकर सिंहपुर पुलिस चौकी के दो सिपाही मुकेश और चंद्रपाल अरविंद को लेकर अस्पताल आ रहे थे, रास्ते में दूसरे पक्ष के लोगों ने रोक लिया और अरविंद पर हमला कर दिया। पुलिस अभिरक्षा में रहे अरविंद को बचाने के चक्कर में पुलिस कर्मियों से भी धक्का मुक्की हुई। हमलावरों ने तमंचे से हवाई फायर भी किया। इससे गांव में दहशत फैल गई। आरोपी तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। बमुश्किल अरविंद को बचा पाए।
थानाध्यक्ष बिसंडा कृष्णदेव त्रिपाठी ने बताया कि फरवरी 2023 में भी दोनो के बीच विवाद हुआ था। हालांकि सुलह समझौता कराकर मामले को शांत करा दिया गया। दोबारा फिर से विवाद हो गया। दोनो पक्षों में मारपीट हुई है। चौकी के सिपाही अरविंद को लेकर आ रहे थे। हमलावरों ने उस पर दोबारा हमला कर दिया और हवाई फायर भी किया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से अरविंद बाल-बाल बच गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अरविंद की तहरीर पर शिवकुमार समेत छह लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें शिवकुमार, भुवनेंद्र, शिवप्रताप को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी हमलावरों की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें -महोबा में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई विश्वकर्मा जयंती
