अयोध्या : हिंदूवादी संगठनों ने रोकवाया कंटेनर, प्रतिबंधित मांस होने का आरोप
अयोध्या, अमृत विचार। लखनऊ हाइवे पर कैंट थाने के सहादतगंज क्षेत्र में हिंदूवादी संगठनों ने सोमवार को पश्चिम बंगाल से दिल्ली जा रहे दो कंटेनर रोक लिए। कंटेनर में प्रतिबंधित मांस होने का आरोप लगाया है।
मामला संवेदनशील होने के चलते पुलिस ने मजिस्ट्रेट और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मौके पर बुला लिया। कागजात की पड़ताल में एक कंटेनर में चाय की पत्ती होने के चलते उसको जाने दिया गया जबकि दूसरे में भैंस के मांस की बिल्टी होने के चलते जाँच-पड़ताल के लिए रोक लिया। सीओ सिटी शैलेन्द्र सिंह का कहना है कि कागजात के मुताबिक एसी कंटेनर में भैस का मांस है। जो वाया दिल्ली विदेश भेजने के लिए ले जाया जा रहा है। इस बाबत खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त माणिक चंद से जानकारी चाही गई तो उन्होंने व्यस्तता का हवाला देकर कुछ भी बताने से इंकार कर दिया।
टालमटोल बर्दास्त नहीं : सुरेंद्र
गौ संवर्धन समिति के सुरेंद्र सिंह का कहना है कि सुनियोजित साजिश के तहत पश्चिम बंगाल से प्रतिबंधित मांस दिल्ली के रास्ते विदेश भेजा जा रहा है। पुलिस-प्रशासन मामले में कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मौके पर बजरंग दल के जिला मंत्री लालजी शर्मा समेत अन्य मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : प्रतापगढ़ : गमगीन माहौल में दफनाए गए दो सगे भाइयों के शव, बेसुध हुई मां
