बरेली: बा स्कूलों में डेढ़ गुना रेट पर राशन सप्लाई... अफसरों के लिए मजेदार है ये महंगाई
पिछले सत्र की तुलना में फर्म की ओर से 50 फीसदी तक बढ़ाए गए राशन के रेट, विभाग ने फिर भी दे दी मंजूरी
बरेली, अमृत विचार। महंगाई वैसे तो हर किसी की कमर तोड़ डाल रही है लेकिन जिले के कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालयों में छाई महंगाई कुछ अलग तरह की है और अफसरों के साथ उस फर्म को भी भरपूर मजा दे रही है जिसे बा स्कूलों में राशन की सप्लाई की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अफसरों को किस कदर महंगाई पसंद है, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि इस फर्म ने साल भर के अंदर ही राशन की दरें 50 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ा दी हैं। इस कारण पिछले सत्र में बा स्कूलों में राशन का मासिक खर्च जहां सिर्फ 90 हजार था, वह अब 1.40 लाख पहुंचने के आसार हैं।
जिले में कुल 18 बा स्कूल हैं जिनमें से फतेहगंज पश्चिमी, बिथरी चैनपुर और बहेड़ी ग्रामीण समेत तीन स्कूलों की बच्चियों के लिए राशन का इंतजाम एनजीओ की ओर से किया जाता है, बाकी 15 बा स्कूलों में राशन की सप्लाई गोंडा की फर्म मेसर्स सिंह कैटर्स एंड सप्लायर्स कर रही है। इस सत्र में यह फर्म जिन दरों पर राशन की सप्लाई कर रही है, वह बाजार की दरों से 50 से 60 फीसदी तक ज्यादा है। यह खेल किस तरह अफसरों की साठगांठ से चल रहा है, यह इसीसे पता चलता है कि बा स्कूलों से भेजी जाने वाली डिमांड के मुताबिक बीएसए की ओर से क्रय आदेश जारी होता है। टेंडर दरों पर ही सप्लायर को भुगतान किया जाता है।
इस बार बा स्कूलों में खाद्यान्न, रोजमर्रा के सामान और स्टेशनरी की रेट लिस्ट हाल ही में जारी की गई थी। इसके लिए जेम पोर्टल के जरिए फर्मों का चयन किया गया था। जिस फर्म का चयन किया गया है, उसके राशन के रेट बाजार भाव से बहुत ज्यादा हैं। हालांकि गाइड लाइन के मुताबिक उसी फर्म के टेंडर को विभागीय स्वीकृति दी जानी चाहिए जो गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न का न्यूनतम रेट पर टेंडर भरती है। इस लिहाज से फर्म को बाजार रेट से कम पर सप्लाई करनी चाहिए लेकिन इसके बावजूद बरेली के स्कूलों में बाजार रेट से ज्यादा कीमत पर राशन की सप्लाई हो रही है।
सरकारी खजाने में सेंध
राशन बाजार भाव फर्म का रेट
गेहूं आटा चक्की का 27 - 30 41.50
चावल मंसूरी 40-45 54.20
अरहर दाल उत्तम क्वालिटी 135 - 145 190
सरसों का तेल 140- 150 250
रिफाइंड 125- 130 240
उच्चाधिकारी की चहेती फर्म, चार्ज छोड़ने से एक दिन पहले टेंडर मंजूर कर गए निवर्तमान बीएसए
बा स्कूलों में खाद्यान्न मुहैया कराने के लिए गोंडा के मेसर्स सिंह कैटर्स एंड सप्लायर्स को तीन साल से लगातार ठेका दिया जा रहा है। विभागीय सूत्रों के मुताबिक फर्म का मालिक विभाग के एक उच्चाधिकारी का चहेता है और गृह जनपद के नजदीक का ही रहने वाला है। इस फर्म का टेंडर निवर्तमान बीएसए विनय कुमार ने चार्ज छोड़ने से एक दिन पहले स्वीकृत किया था। पिछले दिनों जिले के बा स्कूलों में निरीक्षण करने पहुंचे यूनिट प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार सिंह की जानकारी में भी यह मामला आया था। उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान स्कूलों में कई अनियमितताओं की शिकायतें मिली हैं। इनकी जांच कराई जाएगी।
स्कूलों में बाजार रेट से ज्यादा कीमत पर फर्म की ओर से राशन की सप्लाई करना बहुत बड़ी लापरवाही है। इस पूरे प्रकरण की विधिवत जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी- जगप्रवेश, सीडीओ।
खाद्यान्न के रेट में पूरे साल उतार-चढ़ाव रहता है। फर्म के जो रेट हैं, उन पर फिर से विचार कर उचित कार्रवाई की जाएगी - संजय सिंह, बीएसए।
ये भी पढे़ं- बरेली: अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण में देरी पर ठेकेदार पर 127.92 लाख का जुर्माना
