बरेली: दबंगों के खौफ में किसान ने गांव से किया पलायन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़ित ने आईजी को शिकायती पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार

शिकायतकर्ता नवल व उसका भतीजा

बरेली, अमृत विचार। दबंगों से परेशान होकर शाहजहांपुर के एक किसान गांव से पलायन कर गया। इसके बाद भी पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की। अब पीड़ित ने आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।

गढ़िया रंगीन के गांव मरेना निवासी नवल किशोर ने बताया कि गांव के कुछ लोग दबंग किस्म के हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख और सत्ता पक्ष के एक कद्दावर नेता से अच्छे संबंध होने के कारण पुलिस का आरोपियों को संरक्षण है। यही वजह है कि आरोपियों ने उसकी जमीन पर कब्जा कर लिया था। न्यायालय में वाद डालने पर आरोपी रंजिश मानने लगे।

पीड़ित ने बताया कि 25 अगस्त को आरोपी और उनके परिवार के 10-12 लोग उनके घर में घुस आए और पत्नी-बेटी से मारपीट की। घरेलू सामान भी तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी खेत पर पहुंचे और उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख के चालक और उसके भाई ने गला दबाकर मारने की कोशिश की। वह रिपोर्ट दर्ज कराने थाना गढ़िया रंगीन गए तो पुलिस ने दर्ज नहीं की, बल्कि उसे ही झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी और जबरन समझौता करा दिया। इससे आरोपियों के हौसले बुलंद हो गए हैं। वह परिवार सहित तीन सितंबर को गांव से पलायन कर गए। आईजी ने मामले की जांच के आदेश सीओ तिलहर को दिए हैं।
 
ये भी पढे़ं- बरेली: गौ तस्करों ने आवारा पशु को बनाया निशाना, पुलिस के पहुंचने पर अधमरा छोड़कर भागे

संबंधित समाचार