Kanpur News: अब जाम से जनता को मिलेगी निजात, जरीब चौकी क्रॉसिंग पर पुल की डिजाइन तैयार, पढ़ें- पूरी खबर
कानपुर में जरीब चौकी क्रॉसिंग पर पुल की डिजाइन तैयार।
कानपुर में जरीब चौकी क्रॉसिंग पर पुल की डिजाइन बनकर लगभग तैयार हो गई। कालपी रोड, अफीमकोठी की तरफ फोरलेन पुल बनेगा।
कानपुर, अमृत विचार। जरीब चौकी क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम को खत्म करने के लिए सेतु निगम, पीडब्ल्यूडी व एनएचएआई ने क्रॉसिंग पर बनने वाले मल्टीडायमेंशन पुल की डिजाइन लगभग तैयार कर ली है। दिल्ली, नोएडा की तर्ज पर बनने वाले पुलों में यह शहर का दूसरा मल्टीडामेंशन पुल होगा।
पहला मल्टीडायमेंशन पुल पनकी पड़ाव पर बनने की तैयारी है, जो पनकी गंगागंज से शुरू होगा और पनकी पड़ाव क्रासिंग पर दो भागों में विभाजित हो जाएगा। पहला भाग भौंती की ओर व दूसरा विजय नगर की ओर जाएगा।
अनवरगंज से मंधना तक तकरीबन 18 रेलवे क्रॉसिंग में 15 शहर अति व्यस्त इलाकों में होने के कारण शहर में जाम एक बहुत बड़ी समस्या बन चुका है। उन्हीं क्रॉसिंग में से एक है जरीबचौकी चौराहा क्रॉसिंग। जरीब चौकी चौराहा शहर के प्रमुख चौराहों में से एक है। चौराहे पर रेलवे क्रॉसिंग के कारण जाम की समस्या बनी रहती है। जाम से निजात के लिए मल्टीडायमेंशन पुल की मांग तेज हो रही है।
सेतु निगम परियोजना निदेशक विजय कुमार सेन ने बताया कि सर्वे के बाद इस पुल के निर्माण के लिए 175 करोड़ की अनुमानित लागत आंकी गई है। डीपीआर स्वीकृति के लिए लोक निर्माण विभाग को भेजा जाएगा। वहां वित्तीय कमेटी की स्वीकृति के बाद धनराशि आवंटित होगी। सर्वे कार्य पूरा हो चुका है। पुल की डिजाइन भी लगभग फाइनल हो चुकी है। इसमें यातायात चढ़ने व उतरने के लिए तीन-तीन सौ मीटर के चार रैंप बनाए जाएंगे।
इस प्रकार होगी पुल की डिजाइन
- मल्टी डायमेंशन फोरलेन पुल का एक हिस्सा अफीम कोठी ब्रह्म मंदिर के पास उतरेगा। ये फोरलेन का होगा, इसकी चौड़ाई 15 मीटर होगी।
- दूसरा हिस्सा जरीब चौकी क्रॉसिंग पार करने के बाद 400 मीटर की दूरी पर जीटी रोड पर उतरेगा। ये भी फोरलेन का होगा।
- गोल चौराहा की तरफ जाने वाले पुल दो लेन का होगा। इसकी रैंप को 300 मीटर लंबा बनाया जाएगा।
- संगीत टॉकीज की तरफ जाने वाला पुल भी दो लेन का होगा। इसमें भी रैंप की लंबाई 300 मीटर की होगी।
रेल मंत्रालय ने दी मंजूरी
जरीब चौकी क्रॉसिंग हर दिन 50 से अधिक बार बंद होती है। इससे लोगों को जाम से जूझना पड़ता है। समस्या के समाधान के लिए फोरलेन मल्टी डायमेंशन पुल के निर्माण की योजना पिछले साल बनी थी और प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। तत्कालीन मंडलायुक्त लोकेश एम के निर्देश पर रेलवे व सेतु निगम ने पुल निर्माण के लिए चौराहे का निरीक्षण किया था।
चौराहे पर अतिरिक्त जगह न होने के कारण रेलवे ने पुल निर्माण पर रोक लगा दी थी। मंडलायुक्त अमित गुप्ता ने दोबारा मल्टीडायमेंशन पुल निर्माण के लिए रेलवे व सेतु निगम की टीम को सर्वे करने के निर्देश दिए थे। सर्वे के बाद रेलवे मुख्यालय से पुल को मंजूरी मिली है।
कारोबार में मिलेगा लाभ
इस पुल के बनने के बाद जरीब चौकी चौराहे पर क्रॉसिंग बंद होने से जीटी रोड पर लगने वाला जाम भी समाप्त होगा। यातायात को गति मिलने से कारोबारियों को भी लाभ होगा। जाम के कारण उन्हें भी रोजगार करने में दिक्कत आती है।
