अयोध्या : अवध विश्वविद्यालय परीक्षा नियंत्रक के विरुद्ध जांच शुरू
मीडिया में खबरें आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन को मिल गया पत्र, कुलसचिव बोले नियमानुसार होगी कार्रवाई
अयोध्या, अमृत विचार। डाॅ राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक पर लगे कथित भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी किया गया पत्र मीडिया में खबरें छपने के बाद बुधवार को विश्विद्यालय प्रशासन को आखिर मिल ही गया। कुलसचिव की ओर से बताया गया कि पत्र मिल गया है और नियमानुसार जांच व कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा के डा रजनीश सिंह की ओर से कुलाधिपति के यहां परीक्षा नियंत्रक पर बीएड परीक्षा केंद्र बनाने समेत अन्य को लेकर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पत्र भेजा गया था। जिसे लेकर राज्यपाल सचिवालय द्वारा कुलपति को कथित भ्रष्टाचार की जांच कर कार्रवाई की जानकारी देने को कहा गया था। मंगलवार को सामने आए इस मामले में विश्विद्यालय प्रशासन ने पत्र मिलने की बात से इंकार कर दिया था। बुधवार को जब जांच के आदेश की खबर मीडिया में सुर्खियां बनी तो अचानक विश्वविद्यालय प्रशासन को राज्यपाल सचिवालय द्वारा जारी पत्र भी मिल गया।
बुधवार को कुलसचिव अंजनी कुमार मिश्र ने बताया कि पत्र मिल गया है और नियमानुसार कार्रवाई आदि होगी। उनसे जब यह पूछा गया कि जांच अधिकारी किसे बनाया गया है तो उन्होंने कहा यह विश्व का आंतरिक मामला है, जो भी जैसी भी कार्रवाई होगी भविष्य में अवगत कराया जाएगा। हालांकि इस पूरे मामले में विश्विद्यालय प्रशासन फिलहाल औपचारिकता निभाता दिख रहा है। शिकायत कर्ता ने कुलाधिपति से जांच होने तक परीक्षा नियंत्रक को पद से हटाए जाने की भी मांग की थी लेकिन फिलहाल वह यथावत अपने पद पर बने हैं। सूत्रों के अनुसार गंभीरता से जांच हुई तो सम्बद्धता विभाग के साथ परीक्षा और गोपनीय विभाग भी लपेटे में आ सकता है।
ये भी पढ़ें -अयोध्या : धीमी गति से चल रहा राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य
