बरेली: सरकारी कर्मचारी की चिट्ठी ने मचा दी सपा में खलबली
व्हाट्सग्रुप पर फोटो डालकर की टिप्पणी तो कहा फेसबुक पर भी करते हैं अपशब्दों का प्रयोग
बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी महेन्द्र यादव के खिलाफ सपा के एक नेता के ड्राइवर ने व्हाट्सअप ग्रुप पर फोटो के साथ अभद्र टिप्पणी कर दी। कर्मचारी ने ड्राइवर पर कार्रवाई के लिए एसएसपी से शिकायत की है। कर्मचारी का कहना है कि वह ड्राइवर को जानते नहीं है लेकिन वह फेसबुक पर भी उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते रहते हैं। कुछ दिनों पहले सपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी रेस्टोरेंट में बैठक करके पार्टी की छवि खराब करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने पर सहमति बनी। दो घटनाओं का असर यह हुआ है कि दो दिन से वह आईडी बंद जा रही है जिससे छवि खराब करने वाली पोस्ट डाली जा रही थीं। सपा के जिला सचिव ने भी एसपी क्राइम को पत्र देकर पार्टी की छवि खराब करने वाले के खिलाफ कार्रवाई को लिखा है।
सीएमओ कार्यालय बरेली में तैनात रहे महेन्द्र यादव का कुछ महीने पहले अमरोहा तबादला हो गया है। वह सामाजिक कार्याें में भी हिस्सा लेते रहते हैं। 15 सितंबर को महेन्द्र यादव ने सपा नेता द्वारा उन्हें नुकसान पहुंचाने का अंदेशा जताते हुए एसएसपी को पत्र भेजा है। इसमें उन्होंने कहा है कि वे कभी-कभी सामाजिक क्षेत्रों में भी भाग लेते रहते हैं। 10 सितंबर को वे बरेली में एक प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल हुए थे। इसमें उनका फोटो लेकर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए सपा नेता के ड्राइवर ने एक ग्रुप पर डाला। सपा नेता उनसे रंजिश मानते हैं और अपने ड्राइवर के जरिए मेरी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का षडयंत्र रच रहे हैं।
महेन्द्र यादव ने कहा कि वे ड्राइवर को जानते नहीं है लेकिन वह अक्सर फेसबुक पर भी उनके खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते रहते हैं। सपा नेता के डर की वजह से उन्होंने ड्राइवर के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन अब बाहर रहने के कारण उन्हें खतरे का अंदेशा हो रहा है और कभी कोई अप्रिय घटना हो सकती है। मामले की जांच कोहाड़ापीर चौकी इंचार्ज कुलदीप सिंह को सौंपी गई है। चौकी इंचार्ज ने बताया कि प्रार्थना पत्र आया है। ड्राइवर बिशारतगंज का रहने वाला है। इसलिए वहां के थाने को केस भेज दिया है।
पार्टी की छवि खराब करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने पर सहमति बनने के बाद जिलाध्यक्ष शिव चरन कश्यप के निर्देश पर पार्टी के जिला सचिव द्रोण कश्यप ने एसपी क्राइम को पत्र दिया है। जिलाध्यक्ष ने तहरीर देने की पुष्टि की है। पार्टी नेताओं का मानना है कि पुलिस ने सक्रियता से जांच कर ली तो उस शख्स का पता चलेगा जो किसी नेता की शह पर वरिष्ठ नेताओं की छवि धूमिल कर रहा था।
ये भी पढ़ें- बरेली: प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक हालत में पकड़ा तो पत्नी को पीटा, रिपोर्ट दर्ज
