Kanpur Dehat Accident: वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत… हंगामा, फैक्ट्री गेट पर शव रख परिजनों ने की मुआवजे की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई।

कानपुर देहात में वाहन की टक्कर से मजदूर की मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर शव रख मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा किया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। रनियां क्षेत्र के विसायकपुर स्थित एक वनस्पति फैक्टरी में ड्यूटी कर पैदल घर जा रहे मजदूर को अज्ञात वाहन से टक्कर मार दी। इससे मजदूर की मौके पर मौत हो गई। परिजनों ने शव को फैक्टरी गेट के सामने रख हंगामा काटा। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को शांत कराया और फैक्टरी प्रबंधन से वार्ता हुई।

फत्तेपुर रोशनाई के आर्य नगर द्वितीय निवासी जगमोहन (45) पुत्र गुलाटी विसायकपुर स्थित वैभव एडविल्स फैक्टरी में मजदूरी करता था। बुधवार देर शाम वह छुट्टी होने के बाद पैदल अपने घर जा रहा था। उसी दौरान अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे जगमोहन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

परिजनों को घटना की सूचना मिलते ही कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव को फैक्टरी गेट के बाहर रख दिया और मुआवजे को मांग कर हंगाम करने लगे। इधर सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को शांत कराया। रनियां थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में फैक्टरी प्रबंधन से बात हुई है। दोनांे पक्षों में समझौता होने की बात चल रही है।


संबंधित समाचार