लखीमपुर खीरी : राजस्व विभाग में समायोजित चकबंदी अधिकारियों को मिले पद वापस छीने 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। राजस्व विभाग में समायोजन के पश्चात चकबंदी अधिकारियों को मिले नायब तहसीलदार व तहसीलदार पदों को वापस ले लिया गया है। राजस्व परिषद के आदेश पर डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने विभिन्न तहसीलों में तैनात तीन नायब तहसीलदार और दो तहसीलदारों को उनके पदों से हटाते हुए उन्हें कार्यालयों से संबंद्ध कर दिया है।  

गोला तहसील में नायब तहसीलदार के पदों पर तैनात मदन प्रसाद कौशिक और राधेश्याम को उनके पदों से हटाकर एसडीएम गोला कार्यालय से संबंद्ध किया गया है। जबकि गोला तहसील में ही न्यायिक तहसीलदार के पद पर कार्यरत रामकुमार गुप्ता को भी एसडीएम गोला कार्यालय से संबंद्ध किया गया है।

वहीं मोहम्मदी तहसील में तैनात तहसीलदार रामबिलास गुप्ता को डीएम कार्यालय से संबंद्ध किया गया है, जबकि इसी तहसील के नायब तहसीलदार सुशील कुमार को एसडीएम कार्यालय मोहम्मदी में संबंद्ध किया गया है।

डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पूर्व में सहायक चकबंदी अधिकारियों को नायब तहसीलदार और चकबंदी अधिकारियों को तहसीलदार पदों पर तैनाती दी गई थी, लेकिन राजस्व परिषद के आदेश पर इन अधिकारियों को नायब तहसीलदार व तहसीलदार पदों से हटाया गया है। 

डीएम ने नीलम तिवारी को मोहम्मदी का तहसीलदार बनाया 
अमृत विचारः जनपद में नवागन्तुक तहसीलदार नीलम तिवारी को मोहम्मदी का तहसीलदार बनाया गया है। बृहस्पतिवार को डीएम महेंद्र बहादुर सिंह ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया। 

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी: दो पक्षों में जमकर मारपीट, ईट पत्थर और चले धारदार हथियार...पांच घायल

संबंधित समाचार