बरेली: दुकानों पर काम कर रहे नाबालिगों को छुड़ाने पर हंगामा
बरेली, अमृत विचार। श्रम विभाग और पुलिस की टीम ने बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए सोमवार को अभियान चलाया। मिशन मार्केट में दुकानों टीम ने दुकानों से कुछ बच्चों को पकड़ा तो दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। श्रम विभाग की टीम और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। बाद में टीम बच्चों से …
बरेली, अमृत विचार। श्रम विभाग और पुलिस की टीम ने बाल श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए सोमवार को अभियान चलाया। मिशन मार्केट में दुकानों टीम ने दुकानों से कुछ बच्चों को पकड़ा तो दुकानदारों ने हंगामा कर दिया। श्रम विभाग की टीम और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक हुई। बाद में टीम बच्चों से काम करा रहे व्यपारियों को नोटिस देकर जैसे तैसे मामले को रफा दफा किया।
अधिकारियों का कहना है कि आगे भी बाल श्रमिकों को मुक्त कराने को लेकर अभियान चलाया जाएगा। अचानक चले इस अभियान से दिन भर व्यापारियों में खलबली मची रही।
दुकानों पर बच्चों से काम कराने वालों के खिलाफ श्रम विभाग अब अभियान चलाकर कार्रवाई करेगा। इसके लिए सोमवार को पुलिस के साथ मिलकर अभियान चलाया गया। श्रम विभाग की टीम ने सिविल लाइंस बाजार में गुडलक मशीनरी, कोतवाली क्षेत्र के सुभाष मार्केट में पुस्तक मंदिर, जिला अस्पताल रोड पर कुलदीप मेडिकल स्टोर, मिशन मार्केट में हालीवुड फैशन स्टोर, राहुल गारमेंट के यहां छापेमारी की। मिशन मार्केट व उससे आगे सुरेश आटो सर्विस आदि 10 दुकानों पर नाबालिग काम करते हुए मिले।
मिशन मार्केट में नाबालिगों को पकड़ने पर व्यापारियों ने हंगामा कर दिया। टीम से उनकी जमकर नोकझोंक हुई। व्यापारी शानू काजमी का कहना था कि टीम ने जिन बच्चों को पकड़ा है उनमें कई बच्चे स्कूल बंद होने की वजह से अपने मामा या परिवार के लोगों की दुकान पर आए हुए थे। टीम ने उन्हें भी पकड़ लिया। व्यापारियों का यह भी कहना है कि कुछ 16 या 17 साल के ऐसे भी बच्चे हैं जिनके घर में खाने की दिक्कत है, उनके काम करने पर ही परिवार का खर्च चलता है।
टीम के सदस्यों ने कहा कि कोई भी नाबालिग दुकान पर काम नहीं करेगा। इसके बाद टीम ने उन दुकानदारों को नोटिस जारी कर दिए जिनके यहां नाबालिग काम करते हुए मिले थे। अभियान के दौरान टीम में श्रम प्रवर्तन अधिकारी अजीत कन्नौजिया, महीप सिंह, प्रभारी एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग के निरीक्षक मो. कासिम, दृगपाल, यूनिसेफ से जीशान अंसारी और जिला बाल संरक्षण इकाई से अरुण तिवारी मौजूद रहे।
