बदायूं: पांच दिन पहले लापता युवक का खेत में मिला कंकाल
कंकाल होने के चलते नहीं हो सका पोस्टमार्टम, पुलिस ने रखा डीएनए
उझानी, अमृत विचार। पांच दिन पहले लापता युवक का कंकाल खेत में मिला। कंकाल के पास पड़े कपड़ों से उसकी शिनाख्त हुई। परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम कराने लायक स्थिति न होने की वजह से डीएनए का सैंपल लिया गया है। परिजनों ने किसी से भी रंजिश न होने की बात कही है।
कोतवाली उझानी क्षेत्र के गांव पीर बट्टू निवासी उमेश उर्फ करु (35) पुत्र बालक राम खेती करते थे। 18 सितंबर को सुबह लगभग 11 बजे वह फसल की रखवाली के लिए खेत पर गए थे। जिसके बाद देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजन उन्हें देखने के लिए खेत पर गए लेकिन वहां उमेश नहीं थे। खेत पर उनकी चप्पल और लाठी पड़ी मिली। परिजनों ने रिश्तेदारी में जानकारी की इसके बाद भी उमेश का कहीं पता नहीं चल सका। उमेश के भाई ओमेंद्र ने 20 सितंबर को गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जिसके बाद से परिजन रोज खेत और रिश्तेदारियों में पता कर रहे थे। शनिवार सुबह लगभग 10 बजे उमेश की बड़ी बहन प्रवेशा खेत पर तलाश करने गईं। उनके खेत के बराबर में तीसरे खेत की झाड़ियों के बाहर उमेश के कपड़े टीशर्ट, लोअर और कलावा पड़ा हुआ था। प्रवेशा ने इधर-उधर देखा तो झाड़ियों में एक कंकाल दिखा। उन्हें सूचना देकर परिजन और पुलिस को बुलाया।
कपड़े देखकर परिजनों ने वह कंकाल उमेश का बताया। परिजनों ने बताया कि उमेश और उनके परिवार की किसी से भी रंजिश नहीं है। उन्होंने हत्या करने की आशंका जताई। ग्रामीणों के अनुसार उमेश शराब पीने की आदी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कंकाल होने के चलते डीएनए का सैंपल लिया गया है। उझानी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि खेत में कंकाल मिला था। डीएनए सैंपल लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें- बदायूं: बाइक सवारों ने व्यापारी को बनाया निशाना, बैग और मोबाइल लूटकर फरार
