लखीमपुर-खीरी: कूड़ा संग्रह पर 50 रूपये की वसूली के विरोध में आए कई सभासद, हंगामा 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पुरानी गल्ला मंडी में नगर पालिका की 32 दुकानों की सार्वजनिक नीलामी कराने की मांग सभासदों ने उठाई 

लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। नगर पालिका परिषद लखीमपुर में शनिवार को बोर्ड की बैठक हुई, जिसमें घर घर कूड़ा संग्रह पर 50 रूपये शुल्क लिए जाने का मुद्दा गरमाया। छह सभासदों ने कूड़ा संग्रह पर वसूली किए जाने पर विरोध दर्ज कराया, जिसका पूरे बोर्ड के सदस्यों ने समर्थन किया। इससे कार्रवाई रजिस्टर पर इसे चढ़ाया गया। पुरानी गल्ला मंडी स्थित नगर पालिका की प्रथम तल की 32 दुकानों की सार्वजनिक नीलामी कराने का प्रस्ताव सभासदों द्वारा दिया गया, जिस पर चर्चा हुई। 

नगर पालिका परिषद के सभागार में बोर्ड की बैठक के शुरूआत में कूड़ा संग्रह पर लिए जाने वाले 50 रूपये शुल्क का सभासदों ने पुरजोर विरोध किया। सभासद अनिल शुक्ला, संदीप सिंह चौहान, शमीम बानो, अनिरूद्ध त्रिपाठी ने 50 रूपये की वसूली का आदेश तुरंत वापस लेने की मांग उठाई और अपने-अपने वार्डों में वसूली न करने देने की बात कही।

इसके बाद पुरानी गल्ला मंडी स्थित नगर पालिका की प्रथम तल की 32 दुकानों की सार्वजनिक नीलामी कराने की मांग उठाते हुए सभासद राकेश मिश्रा ने प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया, जिस पर चर्चा के बाद अध्यक्ष ईरा श्रीवास्तव व ईओ संतोष कुमार ने शीघ्र निर्णय लेकर अवगत कराने का आश्वासन दिया।

मेला कमेटी को लेकर चर्चा के दौरान दुकानदारों से 25 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लेने का प्रस्ताव पास किया गया। मेला अध्यक्ष को लेकर अनिरूद्ध त्रिपाठी और कुमुदेश शंकर शुक्ला का नाम बोर्ड के समक्ष रखा गया, जिसमें सभासद अनिरूद्ध त्रिपाठी के समर्थन में ज्यादा सभासद ने समर्थन किया है।

मिश्राना के सभासद अनिरूद्ध त्रिपाठी ने पिछली चार बोर्ड बैठकों का आय-व्यय का ब्यौरा मांगा गया, जिसे नगर पालिका प्रशासन उपलब्ध नहीं करा पाया। इस पर सभासदों ने कार्रवाई रजिस्टर में अनियमितापूर्ण प्रस्ताव दर्ज किए जाने की आशंका जताते हुए जल्द ब्यौरा प्रस्तुत किए जाने की मांग उठाई है।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: ट्राली में लगी लोहे की रॉड शिक्षक के पेट में घुसी, मौत