प्रतापगढ़ में प्रसव के बाद रक्तस्राव से महिला की मौत, एएनएम के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा
कुंडा / प्रतापगढ़, अमृत विचार। हथिगवां देवी गढ़ बेती गांव की कीर्ति देवी (26) पत्नी अर्जुन कुमार पटेल अपने तीन वर्ष के बेटे अंकित के साथ घर पर रहती थी। शुक्रवार की रात कीर्ति को प्रसव पीड़ा हुई तो परिजन उसे प्रसव कराने के लिए कुंडा सीएचसी में तैनात एक एएनएम के आवास पर लेकर चले गए। जहां पर कीर्ति ने एक स्वस्थ बेटे को जन्म दिया। प्रसव के बाद कीर्ति को अधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। जिसे देख घर वाले घबरा गए और उसे सीएचसी कुंडा जाने की तैयारी करने लगे।
चेन्नई में रहकर कारोबार करने वाले पति अर्जुन कुमार पटेल पुत्र राम लखन पटेल का आरोप है कि एएनएम उन्हें सीएचसी ले जाने के लिए रोक दिया। कहा कि परेशान मत हो सब कुछ ठीक हो जाएगा, लेकिन थोड़ी देर बाद ही महिला की सांसे थम गई। कीर्ति की मौत के बाद एएनएम उसे ले जाने की बात परिजनों से कहने लगी। महिला की मौत पर परिजन बिलखने लगे। आक्रोशित परिजन महिला का शव लेकर सीएचसी कुंडा पहुंचे, जहां पर एएनएम के खिलाफ कार्रवाई को लेकर हंगामा करने लगे।
आरोप लगाया कि महिला की मौत एएनएम की लापरवाही से हुई है। कीर्ति अपने पीछे तीन वर्षीय अंकित व दुधमुहे बच्चे को छोड़ गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ये भी पढ़ें -ऊर्जा मंत्री बोले - अब सच्चे का होगा सम्मान... बाकी विद्युत कर्मी हो जाएं सावधान !
