बरेली: नए कॉलेज और पाठ्यक्रम के लिए 15 दिसंबर तक होंगे आवेदन
कुलसचिव ने शासन के निर्देश पर आवेदन से लेकर निरीक्षण तक की समय सारिणी की जारी
बरेली, अमृत विचार। शैक्षिक सत्र 2024-25 के लिए नए कॉलेज खोलने और वर्तमान महाविद्यालयों में स्नातक या परास्नातक स्तर पर नए विषय या पाठ्यक्रमों को शुरू करने के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। कॉलेजों को अनापत्ति और संबद्धता के लिए 15 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय कृष्ण यादव ने शासन के निर्देश पर समय-सारिणी जारी कर दी है। हालांकि इनमें बीएड पाठ्यक्रम शामिल नहीं होंगे।
कुलसचिव के मुताबिक शासन ने 15 सितंबर को समय सारिणी निर्धारित की है। इसके तहत विश्वविद्यालय में नए पाठ्यक्रमों के लिए अनापत्ति प्रस्ताव ऑनलाइन जमा करने की तिथि 15 सितंबर से 15 दिसंबर है। प्रस्तावों के भूमि संबंधी अभिलेखों का राजस्व विभाग से 15 दिसंबर से 20 जनवरी 2024 तक सत्यापन होगा।
इसके बाद 31 जनवरी 2024 तक अनापत्ति आदेश ऑनलाइन जारी किया जाएगा। महाविद्यालय 10 फरवरी तक अनापत्ति के संबंध में शासन में अपील कर सकेंगे। शासन में 20 फरवरी अपील निस्तारण की अंतिम तिथि है। इसके अलावा 5 मार्च तक निरीक्षण मंडल का गठन, 5 अप्रैल तक निरीक्षण की आख्या, 20 अप्रैल तक ऑनलाइन संबद्धता दी जाएगी। संबद्धता के संबंध में 10 मई तक शासन में अपील करने की अंतिम तिथि है और 31 मई तक शासन स्तर से अपील का निस्तारण किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- बरेली: छात्रों की कम उपस्थिति पर फिर रोका 47 स्कूलों के स्टॉफ का वेतन
