रामपुर : पुल के नीचे महिला का शव मिलने से फैली सनसनी, अचानक हो गई थी गायब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शव मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस और आरती का फाइल फोटो।

मिलक (रामपुर), अमृत विचार।  मिलक क्षेत्र के सिमरा गांव से गुजरने वाली पीलाखार नदी पर बने पुल के नीचे महिला का शव  मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पुल के नीचे से बाहर निकाला। शिनाख्त कराने की कोशिश की,जहां उसकी शिनाख्त हींगानगला गांव निवासी आरती के रुप में हुई। बाद में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

रविवार सुबह को कुछ लोगों ने  पीलाखार नदी  पुल के पास एक महिला के शव को देखा। जिसके बाद मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। जानकारी मिलने के बाद एसओ मौके पर  पहुंच गए। जहां शव को कब्जे में लिया। बाद में कुछ लोगों ने महिला की शिनाख्त इसी थाना क्षेत्र के गांव  हींगानगला निवासी 26 वर्षीय आरती  के  रुप में की । बाद में परिजन भी आ गए,जहां पुलिस को बताया कि आरती शक्रवार से गायब थी। मृतका का पति शीशपाल ट्रक चालक है और मृतका आरती के दो मासूम पुत्र हैं।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पूर्व में भी दो बार घर से जा चुकी थी मृतका
ग्रामीणों की माने तो पूर्व में भी मृतका दो बार नाराज हो कर घर से चली गई थी। दोनों बार परिजन समझा-बुझाकर घर  वापस ले आये थे। परिवार में अक्सर लड़ाई झगड़ा होता रहता था। शव मिलने के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता ने लगाया हत्या का आरोप
बेटी की मौत की सूचना पाकर मृतका के पिता,भाई और मामा गांव पहुंचे और आरती की मौत की खबर सुनकर आग बबूला हो गए। मृतका के पति एवं उसके परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए केमरी थाना पहुंचे। थानाध्यक्ष के सामने फूट-फूट कर रोने लगे। थानाध्यक्ष ने सत्यता के साथ विधिक कार्यवाई का आश्वासन दिया।

पति-पत्नी में अक्सर होता था झगड़ा
आरती की मौत से पड़ोसी गमजदा हैं। सूत्रों की माने तो पति-पत्नी में अक्सर झगड़ा होता रहता था। पति ट्रक चालक है वह ज्यादातर बाहर रहता है। मृतका अपने दो मासूमों का पालन-पोषण करती थी।वह घर मे परेशान रहती थी,लेकिन किसी को आरती के परेशान होने की खास वजह नहीं मालूम है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट खोलेगी आरती की मौत का राज
दो दिन से गायब आरती का शव रविवार को मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। आरती की मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पति की गैर मौजूदगी में आरती घर से क्यों चली गयी। पूर्व में दो बार घर से जाना,परिवार में झगड़े की कहानी और आरती की गुमशुदगी दर्ज न करना जैसे सवाल पुलिस को परेशान कर रहे हैं। आरती ने आत्महत्या कर ली या फिर आरती की हत्या में किसी की अहम भूमिका है। आरती की मौत का राज तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही खुल पाएगी। आरती का शव मिलने के कुछ ही देर बाद उसका पति वहां पर रोता हुआ पहुंच गया था।

पीलाखार नदी के पास महिला का शव मिला था। उसको कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा कि आरती की मौत किस तरह से हुई है। -केएन आनंद,सीओ मिलक

ये भी पढ़ें : रामपुर: करंट की चपेट में आने से मजदूर की मौत, परिजनों ने किया हंगामा

संबंधित समाचार